विदेशी निवेशकों की शेयर बाजार में जोरदार वापसी, FPI ने डाले 84,290 करोड़ रुपये

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

भारतीय शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने नवंबर में जोरदार वापसी की है। एफपीआई ने लगातार दो महीने की बिकवाली के बाद नवंबर के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजार में 84,290 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है। वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और बड़ी कंपनियों के शेयरों के आकर्षक मूल्यांकन ने निवेशकों का रुख भारत की ओर मोड़ा है।

डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी निवेशकों ने दो से 13 नवंबर के बीच नौ कारोबारी सत्रों में भारतीय शेयर बाजार में 84,290 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया। इससे पहले एफपीआई ने अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपये और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की थी। नवंबर में निवेश के बाद वर्ष 2026 में भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों की कुल निकासी घटकर करीब 2.1 लाख करोड़ रुपये रह गई है।

कुछ सप्ताह पहले यह आंकड़ा लगभग तीन लाख करोड़ रुपये था। निवेश मंच ‘ट्रैक’ के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वेदांत गुप्ते ने कहा कि नवंबर में विदेशी निवेशकों की खरीदारी को फिलहाल रणनीतिक बदलाव के रूप में देखा जाना चाहिए, न कि उनकी स्थायी वापसी के संकेत के तौर पर। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और एशियाई बाजारों में कृत्रिम मेधा से जुड़ी कंपनियों के शेयरों से पूंजी निकलने के कारण विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में अपना निवेश बढ़ाया है।

इस खरीदारी का बड़ा हिस्सा प्रमुख सूचकांक में अधिक हिस्सेदारी रखने वाली बड़ी कंपनियों के शेयरों में गया है। उन्होंने कहा कि ताजा खरीदारी के बावजूद विदेशी निवेशक इस वर्ष अबतक की अपनी कुल निकासी का केवल एक छोटा हिस्सा ही वापस निवेश कर पाए हैं। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशक बाजार में तेजी का लाभ उठाकर मुनाफावसूली कर रहे हैं।

‘मीरा मनी’ के निवेश अनुसंधान विश्लेषक रोहन गोयल ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने निवेशकों को प्रौद्योगिकी क्षेत्र पर अधिक निर्भर बाजारों से हटकर दूसरे बाजारों में निवेश के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि नवंबर के पहले सप्ताह में ब्रेंट कच्चे तेल की कीमतों में करीब 13 प्रतिशत की गिरावट और इसका लगभग 97 डॉलर प्रति बैरल तक आना भी भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक रहा। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार के अनुसार, वित्तीय सेवाओं, दूरसंचार, पूंजीगत वस्तुओं, दवा और वाहन क्षेत्रों में विदेशी निवेशकों ने जोरदार खरीदारी की।

इससे इन क्षेत्रों के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। मजबूत तिमाही नतीजों के कारण बिजली क्षेत्र की कुछ कंपनियों के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई। चॉइस वेल्थ के मुख्य निवेश रणनीति अधिकारी धीरज गौड़ ने कहा कि विदेशी निवेशकों का रुख, दूसरी तिमाही के शेष कंपनियों के वित्तीय नतीजे, बाजार में व्यापक भागीदारी और निफ्टी का 25,000 अंक से ऊपर टिके रहना भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित करेगा।

शेयरों के अलावा विदेशी निवेशकों ने ऋण या बॉन्ड बाजार में भी निवेश किया है। आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने पूर्ण रूप से सुलभ मार्ग (एफएआर) के तहत 7,815 करोड़ रुपये और सामान्य मार्ग के जरिये 1,167 करोड़ रुपये का निवेश किया। हालांकि, स्वैच्छिक प्रतिधारण मार्ग (वीआरआर) के तहत विदेशी निवेशकों ने 702 करोड़ रुपये की निकासी की है।

प्रमुख खबरें

Miami Airport पर आपस में टकराए दो विमान, अंदर मच गई चीख-पुकार, दो यात्री घायल

SEBI पूंजी बाजार में AI के जिम्मेदार उपयोग के लिए जल्द लाएगा विस्तृत गाइडलाइंस

YRF की पहली Horror फिल्म में लीड रोल करेंगे Varun Dhawan, सामने आई रिलीज डेट

IndiGo फ्लाइट की Pune Airport पर इमरजेंसी लैंडिंग, लैंडिंग गियर में आई खराबी