IndiGo फ्लाइट की Pune Airport पर इमरजेंसी लैंडिंग, लैंडिंग गियर में आई खराबी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

महाराष्ट्र के पुणे से असम के गुवाहाटी जा रहा इंडिगो का एक विमान रविवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लैंडिंग गियर में खराबी आने के कारण पुणे हवाई अड्डे पर लौट आया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित हैं।

उनके अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 0623 (वीटी-आईजेडई) ने पुणे हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी की सूचना दी। पुणे हवाई अड्डा प्राधिकरण ने एक बयान में बताया कि पायलट ने हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को सूचित किया कि विमान का लैंडिंग गियर (पहिए) अंदर नहीं जा पा रहा है और बाहर ही रह गया है। सूचना मिलते ही पुणे हवाई अड्डा प्राधिकरण ने एटीसी, इंडिगो और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ तत्काल समन्वय किया।

अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे का प्रबंधन करने वाली भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने ‘पूर्ण आपात स्थिति’ घोषित कर दी, जिसके बाद आपात स्थिति से निपटने के लिए निर्धारित सभी प्रक्रियाएं शुरू कर दी गईं। हवाई अड्डा प्राधिकरण के बयान के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और यात्रियों तथा चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दमकल सेवाओं, एंबुलेंस व अन्य आपात बचाव दलों को सतर्क कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि एहतियाती उपाय के तहत विमान ने रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ान भरी, ताकि उसके लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण किया जा सके।

निरीक्षण के बाद विमान सुबह नौ बजकर चार मिनट पर पुणे हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। विमान के उतरने के बाद निर्धारित आपात प्रक्रिया के तहत दमकल की तीन गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर सात तक ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान की स्थिति सुरक्षित और सामान्य पाए जाने के बाद हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) ने सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर पूर्ण आपात स्थिति वापस ले ली।

उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बयान के मुताबिक, “विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित सभी 192 लोग सुरक्षित हैं तथा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।” बयान में बताया गया कि इंडिगो प्रभावित यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान पुणे भेजने की व्यवस्था कर रहा है।

प्रमुख खबरें

द्विपक्षीय रक्षा संबंध मजबूत करने Czech Republic जाएंगे Army Chief General Dheeraj Seth

Miami Airport पर आपस में टकराए दो विमान, अंदर मच गई चीख-पुकार, दो यात्री घायल

SEBI पूंजी बाजार में AI के जिम्मेदार उपयोग के लिए जल्द लाएगा विस्तृत गाइडलाइंस

YRF की पहली Horror फिल्म में लीड रोल करेंगे Varun Dhawan, सामने आई रिलीज डेट