सर्दियों में बार-बार यूरिन इन्फेक्शन क्यों होता है? यह आदत हो सकती है वजह

By मिताली जैन | Nov 03, 2026

ठंड के मौसम में अक्सर प्यास कम लगती है। दिन भर में दो-तीन गिलास पानी और कुछ कप चाय, बस। ऊपर से ठंडे बाथरूम में जाने का मन नहीं करता, तो पेशाब भी देर तक रोक लेते हैं। ये दोनों आदतें मिलकर यूरिन इन्फेक्शन का खतरा बढ़ा सकती हैं, खासकर उन महिलाओं में ज्यादा खतरनाक है, जिन्हें यह पहले भी बार-बार हो चुका है। पानी बढ़ाने से इसका खतरा घटता है, यह एक शोध में भी देखा गया है।

इसे भी पढ़ें: Health Tips: त्योहारों में Dehydration और खराब Diet से बढ़ता है Kidney Stone का खतरा

इसे आसान भाषा में समझिए, जब आप कम पानी पीती हैं, तो पेशाब कम बनता है और कम बार जाना पड़ता है। बैक्टीरिया को बाहर निकलने का मौका कम मिलता है।

क्या सर्दियों में यूटीआई सच में ज्यादा होता है?

अमेरिका के अस्पतालों के आंकड़ों पर हुए एक अध्ययन में यूटीआई से भर्ती होने के मामले गर्मियों में ज्यादा और सर्दियों में कम मिले थे। यानी उन आंकड़ों में सर्दी कोई खास मौसम नहीं निकली।

लेकिन अगर ठंड में आपका पानी आधा रह जाता है और आप घंटों पेशाब रोककर रखती हैं, तो आपके लिए खतरा बढ़ सकता है।

सर्दियों की इन आदतों पर दें ध्यान

प्यास न लगने पर भी पानी न पीना सबसे आम आदत है। एक बोतल पास रखें और उसे दिन में दो-तीन बार भरें। ठंडा पानी अच्छा न लगे, तो गुनगुना पानी पिएं।

ठंडे बाथरूम या ऑफिस में बार-बार उठने के झंझट से पेशाब रोकने की आदत भी छोड़ें। जब जरूरत लगे, तब जाएं और मूत्राशय पूरी तरह खाली करें।

कई परतों वाले कपड़े, टाइट लेगिंग या सिंथेटिक इनर पहनने से उस हिस्से में नमी बनी रह सकती है। एनएचएस सूती अंडरवियर पहनने और उस हिस्से को साफ और सूखा रखने की सलाह देता है।

टॉयलेट के बाद आगे से पीछे की ओर पोंछें, शारीरिक संबंध के बाद पेशाब करें, और खुशबू वाले साबुन से बचें।

किन लक्षणों पर ध्यान दें

पेशाब में जलन या दर्द, बार-बार और अचानक पेशाब की जरूरत लगना, रात में कई बार उठना, पेशाब का धुंधला होना या उसमें खून आना, और पेट के निचले हिस्से में दर्द, ये यूटीआई के आम लक्षण हैं।

कब डॉक्टर के पास जाएं

तेज बुखार हो, कंपकंपी लगे या कमर में पसलियों के नीचे दर्द हो, क्योंकि यह किडनी तक संक्रमण का संकेत हो सकता है।
आप गर्भवती हैं, आपको डायबिटीज है या 48 घंटे में लक्षण ठीक न हों।
छह महीने में दो बार या साल में तीन बार यूटीआई हो चुका हो। एनएचएस इसे बार-बार होने वाला संक्रमण मानता है, और इसकी जांच जरूरी है।

- मिताली जैन

प्रमुख खबरें

भारत में Data Centre क्षमता 5 गुना बढ़कर 7.5 GW पहुंचेगी, AI से मिलेगी रफ्तार

Kerala में मंत्रियों की अनदेखी कर फैसले ले रहे मुख्यमंत्री और प्रायोजक: CPI(M)

SEBI के प्रतिबंध के खिलाफ SAT जाएगी EKI Energy, 88 लाख का लगा है जुर्माना

उच्च स्तरीय बहस समझदार लोगों में होती है, राहुल के विदेशी मदद वाले बयान पर रिजिजू का पलटवार