हमारे घोषणापत्र से घबराकर प्रधानमंत्री ‘हिंदू-मुसलमान की स्क्रिप्ट’ पर उतर आए : Supriya Shrinate

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 08, 2024

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसके घोषणापत्र से इतने घबराए और डरे हुए हैं कि ‘हिंदू-मुसलमान की स्क्रिप्ट’ पर उतर जाए हैं। पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने यह दावा भी किया कि कांग्रेस का घोषणापत्र उन सभी समस्याओं का समाधान करने की बात करता है जो मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में देश में पैदा की हैं। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए गत पांच अप्रैल को अपना घोषणापत्र जारी किया जो पांच ‘न्याय’ के स्तंभ और 25 ‘गारंटी’ पर आधारित है। 

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कांग्रेस के घोषणापत्र यानी ‘न्याय पत्र’ की हर तरफ़ चर्चा है। मीडिया, विशेषज्ञों और यहां तक कि हमारे विरोधियों को भी यह मानना पड़ रहा है कि ये न्याय पत्र भविष्य के लिए एक बेहतरीन खाका है जिसमें हर वर्ग की बात है। इसी व्यापक दृष्टिकोण की आज देश को ज़रूरत है।’’ उनका कहना था कि इस न्याय पत्र में हर उस समस्या का समाधान है जो मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों से इस देश पर लादी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के ‘मुस्लिम लीग’ वाले बयान को लेकर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी का मुस्लिम लीग प्रेम फिर छलका। इसीलिए प्रधानमंत्री हर बार की तरह मुद्दों से भटकाने की जीतोड़ कोशिश में लगे हुए हैं।’’ 

श्रीनेत ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री के किसी चाटुकार ने जब उनसे कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र तो बहुत चर्चित हो रहा है तो उन्होंने कहा कि घबराओ मत मैं ऐसी बेसिर पैर की बात करूंगा कि चर्चा दूसरी तरफ मोड़ दूंगा। इसके बाद उन्होंने बिना कुछ सोचे समझे कहा कि हमारे घोषणापत्र पर मुस्लिम लीग की छाप है।’’ उन्होंने सवाल किया कि मुस्लिम लीग से प्रधानमंत्री मोदी का ऐसा कौन सा प्रेम है जो बार बार छलक उठता है? उन्होंने दावा किया, ‘‘असलियत यह है कि नरेन्द्र मोदी जी का मुस्लिम लीग के प्रति प्रेम नया नहीं है। ये वही लोग हैं जो आज़ादी के महासंग्राम के दौरान भी अंग्रेजों के साथ खड़े रहे, और जिन्होंने मुस्लिम लीग के साथ मिलकर सांप्रदायिक दरार पैदा करने का कोई मौक़ा नहीं छोड़ा।’’ 

इसे भी पढ़ें: याचिकाकर्ता पर ‘‘भारी जुर्माना’’ लगाना चाहिए, Delhi High Court ने केजरीवाल को CM पद से हटाने वाली याचिकाओं पर व्यक्त की नाराजगी

श्रीनेत का कहना था, ‘‘जब 1942 में महात्मा (महात्मा गांधी)के आह्वान पर और मौलाना आज़ाद की अध्यक्षता के दौरान देश ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’आंदोलन में शामिल था, तब श्यामाप्रसाद मुखर्जी मुस्लिम लीग के साथ मिलकर बंगाल, सिंध और उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत में अपनी सरकार ही नहीं चला रहे थे बल्कि अंग्रेजों को लिखकर यह भी सलाह दे रहे थे कि इस जन आंदोलन का दमन कैसे किया जाए।’’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के घोषणापत्र से पूरी भाजपा बौखलाई हुई है।

प्रमुख खबरें

Cricket Australia ने Megan Schutt पर लगाया 2 मैच का बैन, T20 और WBBL से रहेंगी बाहर

Adani Group ने Vizhinjam Port की हिस्सेदारी बिक्री के लिए सरकार से मांगी अनुमति: केरल विधानसभा में जानकारी

दुनिया के सबसे खतरनाक शख्स का मोदी पर बड़ा खुलासा, दंग रह गया भारत!

ताइवान ने बीच समुंदर चीन को खदेड़ा, जबरदस्त टक्कर के बाद ऐसा है माहौल!