Amit Shah से लेकर Karnataka तक, पढ़ें आज की टॉप 10 ब्रेकिंग खबरें

By अंकित सिंह | Apr 19, 2023

कर्नाटक में नामांकन का दौर

नशे के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध मोदी सरकार

गृह मंत्री अमित शाह ने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की बैठक में कहा में कहा कि हमें नशीले पदार्थ का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर रुख अपनाना होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों से राजनीतिक मतभेदों को एकतरफ रख मादक पदार्थ के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आजादी के 100वें वर्ष यानी वर्ष 2047 तक भारत को मादक पदार्थ से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है।

कर्नाटक चुनाव के स्टार प्रचारक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्रियों की एक मजबूत टीम अगले महीने होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। पार्टी द्वारा जारी सूची के अनुसार केंद्रीय मंत्रियों में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मंडाविया और प्रह्लाद जोशी शामिल हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारक होंगे।

एलएसी पर स्थिति तनावपूर्ण: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को थल सेना से कहा कि वह चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर कड़ी निगरानी रखे क्योंकि चीनी सैनिकों की तैनाती को देखते हुए उत्तरी क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि सरकार का भरसक प्रयास है कि सीमा पर तैनात हर जवान को अत्याधुनिक हथियार और सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।

अतीक-अशरफ की हत्या मामले में पांच पुलिसकर्मी निलंबित

माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस हिरासत में हुयी हत्या के मामले में शाहगंज थाना के एसएचओ अश्वनी कुमार सिंह समेत पांच पुलिसकर्मियों को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी सूचना दी। गैंगस्टर अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के आरोपी लवलेश तिवारी, मोहित उर्फ सनी और अरुण कुमार मौर्य को बुधवार को एक अदालत ने चार दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) में भेजने के आदेश दिए। 

ममता का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि अगर यह साबित हो जाता है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा गंवाने के बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन किया, तो वह इस्तीफा दे देंगी। पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से बातचीत में बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी का नाम ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस बना रहेगा। 

मैं भाजपा के साथ रहना चाहता हूं: मुकुल रॉय

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय के अगले कदम के बारे में राजनीतिक विश्लेषक अटकलें ही लगा रहे थे कि मंगलवार रात उन्होंने (रॉय ने) कहा कि वह अब भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हैं और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलना चाहते हैं क्योंकि भाजपा में लौटने के इच्छुक हैं।

सूडान में पांचवे दिन भी संघर्ष जारी

सूडान की राजधानी को बुधवार को बम धमाकों तथा भारी गोलाबारी ने दहला दिया। सूडान में प्रतिद्वंद्वी जनरलों के प्रति वफादार बलों के बीच लगातार पांचवें दिन लड़ाई जारी है। सूडानी सेना और एक प्रतिद्वंद्वी अर्धसैनिक बल मंगलवार शाम से 24 घंटे के संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए थे, हालांकि इसका पालन होता नजर नहीं आया।

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट

घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 159.21 अंक टूट गया। मुख्य रूप से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और कुछ बैंक शेयरों में बिकवाली तथा विदेशी पूंजी की निकासी से बाजार में गिरावट आई।

सूर्यकुमार आईसीसी टी20 रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार

भारत के आक्रामक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बुधवार को जारी नवीनतम टी20 अंतरराष्ट्रीय पुरुष बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर बने हुए हैं। पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्यकुमार 906 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। 

प्रमुख खबरें

Pune Infrastructure Boom: नितिन गडकरी ने दी 60 हजार करोड़ की सौगात, Road Projects से उद्योगों को मिलेगी नई रफ़्तार

Jharkhand में JSSC-CGL परीक्षार्थियों के आंदोलन के आगे झुकी सरकार, Hemant Soren ने भर्ती धांधली पर बिठाई CID Inquiry

Magnus Carlsen का दबदबा बरकरार, Esports World Cup में Denis Lazavik को हराकर बने लगातार दूसरी बार चैंपियन

Ayush Shetty का World Championship में ऐतिहासिक आगाज, World No. 1 Shi Yuqi को बेंगलुरु में चटाई धूल