सत्ता से दूर कुंठित विपक्ष प्रदेश में अशांति, वैमनस्य फैलाने की साजिश कर रहा: धामी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 07, 2025

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कहा कि सत्ता से लगातार दूर रहकर कुंठित विपक्ष हताशा में धार्मिक, क्षेत्रीय एवं जातीय भावनाएं भड़काकर प्रदेश में अशांति एवं वैमनस्य फैलाने की साजिश कर रहा हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनके रहते विपक्ष के ऐसे प्रयास किसी कीमत पर सफल नहीं होंगे।

मुख्यमंत्री राम नवमी पर भाजपा के स्थापना दिवस के मौके पर यहां प्रदेश मुख्यालय मे आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकता राज्य के सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट खड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए अखंड और अडिग हैं। विकसित राज्य की इस यात्रा के हम सभी सहयात्री हैं और लक्ष्य प्राप्ति तक यह रुकने वाली नहीं है।’’

विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए धामी ने कहा, ‘‘हम योजना बनाने से लेकर उसका शिलान्यास और लोकार्पण भी करते हैं।’’ उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘पिछली सरकारों में सिर्फ योजनाएं बनाई जाती थीं। लेकिन हम योजना बनाते भी हैं, शिलान्यास भी करते हैं और उसको पूरा करके भी दिखाते हैं।’’

अपनी पार्टी के संस्थापकों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रयासों का यह प्रतिफल है कि 500 वर्ष बाद राम नवमी का पर्व अयोध्या में प्रभु श्री रामजन्मभूमि मंदिर में मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की सरकारों ने शानदार शासन दिया और यही वजह है कि केंद्र में तीसरी बार मौका देने के अलावा राज्यों में भी जनता भाजपा को बार-बार मौका दे रही है।

उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि पिछले तीन सालों में सरकार के द्वारा किए गए कार्यों की बदौलत प्रदेश में 2027 में एक बार फिर पार्टी को जीत हासिल होगी। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश में समान नागरिक संहिता सहित अपनी अन्य उपलब्धियों को भी गिनाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लखवाड़, सौंग बांध, जमरानी बांध जैसी 50 साल पुरानी कई योजनाओं को भी ‘डबल इंजन’ सरकार (केंद्र और राज्य में भाजपा सरकार) में धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनाव के लिए अभी से जुट जाने का आग्रह किया और कहा कि उसमें अधिक से अधिक संख्या में जीत दर्ज करनी है।

प्रमुख खबरें

Delhi में आतिशबाजी के बाद Air Quality गंभीर, 20 निगरानी केंद्रों पर AQI खतरनाक स्तर पर

West Bengal में Kali Puja पर उमड़ी भारी भीड़, दक्षिणेश्वर और कालीघाट में लगीं कतारें

Delhi में पाबंदियों की अनदेखी कर देर रात तक फूटे Firecrackers, AQI 376 तक पहुंचा

Thailand में शुरू हुआ 27 दिवसीय Grand Diwali Festival, PM ने किया शुभारंभ