भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी बेल्जियम में रह रहा : मीडिया रिपोर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 23, 2025

 भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी बेल्जियम का ‘निवास कार्ड’ हासिल करने के बाद अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ अभी एंटवर्प शहर में रह रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।

भारतीय अधिकारियों की ओर से इस खबर की तत्काल पुष्टि नहीं की गई है। चोकसी 13,500 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले में भारत में वांछित है। माना जाता है कि बेल्जियम जाने से पहले वह एंटीगुआ और बारबाडोस में रह रहा था। उसकी पत्नी प्रीति बेल्जियम की नागरिक बताई जाती है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चोकसी वर्तमान में बेल्जियम में एफ रेजीडेंसी कार्ड हासिल कर अपनी पत्नी प्रीति के साथ एंटवर्प शहर में रह रहा है। खबर में दावा किया गया है कि चोकसी ने भारत प्रत्यर्पण से बचने के लिए बेल्जियम में निवास की अनुमति हासिल करने के वास्ते भ्रामक और फर्जी दस्तावेज पेश किए।

खबर में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि चोकसी ने बेल्जियम के अधिकारियों को ‘‘झूठे घोषणापत्र’’ और ‘‘जाली दस्तावेज’’ सौंपे तथा आवेदन प्रक्रिया में अपनी राष्ट्रीयता को गलत बताया।

सूत्रों के मुताबिक, चोकसी भारत और एंटीगुआ की अपनी मौजूदा नागरिकता का विवरण देने में विफल रहा। खबर में कहा गया है कि चोकसी एक जाने-माने कैंसर अस्पताल में इलाज के लिए स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहा है।

चोकसी और उसके भांजे नीरव मोदी ने कथित तौर पर फर्जी गारंटी पत्रों का इस्तेमाल करके पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से 13,500 करोड़ रुपये का गबन किया। लंदन की जेल में बंद नीरव मोदी अदालतों द्वारा जमानत देने से बार-बार इनकार किए जाने के बाद अपने भारत प्रत्यर्पण का विरोध कर रहा है।

प्रमुख खबरें

Kolkata Police जांच: पूजा पंडाल में बारिश से बचने के लिए निकास द्वार पर जुटी महिलाओं की भीड़ से मची थी भगदड़

Maharashtra Police ने मीरा भायंदर में देह व्यापार रैकेट पकड़ा, महिला एजेंट अरेस्ट

UP Government Job Rules | सरकारी नौकरियों के लिए चरित्र सत्यापन के नियम सख्त, हिंसक आंदोलनों में शामिल पाए जाने वालों को उत्तर प्रदेश सरकार में नहीं मिलेगी नियुक्ति

Kolkata Durga Puja Stampede Accident | अचानक बारिश, एग्जिट गेट पर महिलाओं की हिचकिचाहट और अफ़वाह बनीं 19 मौतों की मुख्य वजह