By अभिनय आकाश | Apr 15, 2022
बीजेपी के एक आम कार्यकर्ता से अध्यक्ष तक का सफर तय करने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को वैसे तो सड़कों के विकास के लिए जाना जाता है। लेकिन इसके साथ ही उनकी हाजिरजवाबी और मजेदार अंदाज में जवाब देने के कई हिस्सें भी बेहद ही मशहूर हैं। नितिन गडकरी ने एक ऐसे ही रोचक घटना का जिक्र करते हुए बताया जब बिजनेसमैन रतन टाटा को उन्हें समझाना पड़ा था कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करता है। मौका था महाराष्ट्र के पुणे में मल्टी स्पेशिलियटी चैरिटेबल हॉस्पिटल के उद्धाटन का और इस दौरान केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मशहूर उद्योगपति रतन टाटा से जुड़ा एक किस्सा सुनाया।
गडकरी ने कहा, ‘‘अस्पताल पहुंचने पर, टाटा ने पूछा कि क्या यह अस्पताल केवल हिंदू समुदाय के लोगों के लिए है। मैंने उनसे पूछा आप ऐसा क्यों सोचते हैं।’ उन्होंने तुरंत जवाब दिया, क्योंकि यह आरएसएस का है।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मैंने उनसे कहा कि अस्पताल सभी समुदायों के लिए है और आरएसएस में ऐसा कुछ (धर्म के आधार पर भेदभाव) नहीं होता।’’ गडकरी ने कहा कि फिर उन्होंने टाटा को कई बातें बताईं और बाद में वह बहुत खुश हुए।