By अभिनय आकाश | Mar 28, 2022
कांग्रेस शासित राज्य में आदिवासियों के धर्मांतरण के खेल का बड़ा खुलासा हुआ है। जिसके बाद विश्व हिन्दू परिषद भी पूरे मामले को लेकर राज्य सरकार पर हमलावर है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने जशपुर में स्थानीय लोगों के धर्म परिवर्तन का प्रयास करने के आरोप में एक पादरी सहित 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 295ए और 34 और धर्म स्वतंत्रता कानून की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले पर बोलते हुए, जशपुर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मनीष कुंवर ने कहा कि आईपीसी की धारा 295 ए और 34 और धर्म की स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
पूरे मामले पर विश्व हिन्दू परिषद के सह मंत्री राजेश गुप्ता ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि ईसाई पादरियों की प्रार्थना सभा में कंवर जनजाति के 25 परिवारों के 68 लोग शामिल थे। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण का खेल काफी पुराना रहा है। बीते वर्ष ही 1200 लोगों को घर वापसी करवाया गया था। कार्यक्रम आर्य समाज और हिंदू समाज द्वारा आयोजित किया गया था। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के जशपुर के पत्थलगाँव के किलकिला धाम में आर्य समाज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में 250 परिवार के 600 लोगों ने क्रिसमस के दिन हिंदू धर्म में घर वापसी कराई गई थी।