By अभिनय आकाश | May 27, 2025
आत्मनिर्भरता के लिए एक मजबूत कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से भारत में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने और आयातित वस्तुओं पर निर्भरता कम करने का आग्रह किया, खासकर होली, दिवाली और गणेश पूजा जैसे त्योहारों के दौरान। भारतीय बाजारों में चीनी उत्पादों की बाढ़ पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि यहां तक कि गणेश की मूर्तियां भी विदेश से आती हैं, छोटी आंखों वाली गणेश की मूर्तियां जिनकी आंखें ठीक से खुलती भी नहीं हैं। गुजरात में जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें गांव के व्यापारियों को यह संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए कि चाहे उन्हें कितना भी लाभ हो, वे विदेशी सामान नहीं बेचेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से आयातित उत्पादों के अपने दैनिक उपयोग पर आत्मनिरीक्षण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के रूप में रे पास आपके लिए एक कार्य है- घर जाकर यह सूची बनाएं कि आप 24 घंटे में कितने विदेशी उत्पादों का उपयोग करते हैं। आपको पता भी नहीं चलता कि हेयरपिन, कंघी तक विदेशी हैं। सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि अगर हम भारत को बचाना चाहते हैं, भारत को बनाना चाहते हैं, भारत को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ सशस्त्र बलों की जिम्मेदारी नहीं है, यह 140 करोड़ नागरिकों की जिम्मेदारी है।