By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 28, 2026
गणेश मणि रत्नम तिरुमुरु ने एशियाई खेलों में सोमवार को पुरुष कम्पाउंड तीरंदाजी के रोमांचक मुकाबले में ने हमवतन साहिल जाधव को 149-148 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले दोनों भारतीय तीरंदाजों ने अपने शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। जाधव ने मंगोलिया के जामियांगोम्बो पुरेवदोरज के खिलाफ सभी पांच सेट अपने नाम करते हुए 149-137 से हराया।
इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में दोनों भारतीय आमने-सामने थे। जाधव ने पहला सेट जीतकर बढ़त बनाई लेकिन गणेश ने अगले ही सेट में बराबरी हासिल कर ली। इसके बाद दोनों ने एक-एक सेट जीता और मुकाबला निर्णायक पांचवें सेट तक पहुंच गया।
निर्णायक सेट में गणेश ने दो बार 10 अंक और एक एक्स निशाना साधकर बाजी मारी। जाधव ने एक एक्स और 10 अंक हासिल किए, लेकिन इसके बाद नौ अंक के निशाने ने उन्हें मुकाबले में पीछे कर दिया। क्वार्टर फाइनल में गणेश का सामना चीनी ताइपे के चिएह-लुन चेन से होगा।