By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 02, 2026
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर राष्ट्रीय राजधानी स्थित तिहाड़ की केंद्रीय जेल संख्या-दो के उच्च सुरक्षा वार्ड में बंद गैंगस्टर नवीन बाली और संदीप उर्फ ढिल्लू ने जेल अधिकारियों के साथ कथित तौर पर हाथापाई की एवं उन्हें धमकी दी। उन्होंने दीवारों तथा अन्य वस्तुओं से बार-बार अपना सिर पटककर खुद को घायल करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सूत्र ने कहा कि दोनों ने कर्मचारियों को डराकर और उच्च सुरक्षा वार्ड के भीतर अधिकारियों के काम में बाधा डालकर दहशत जैसा माहौल पैदा कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, संदीप उर्फ ढिल्लू ई-मुलाकात के जरिए अपने परिवार के सदस्यों से बात कर रहा था, तभी वह कथित तौर पर आक्रामक हो गया और जेल कर्मचारियों को गालियां देने लगा। एक अधिकारी ने बताया, उसने जेल कर्मचारियों को गालियां देना शुरू कर दिया और उन पर हमला करने की कोशिश की।
इसके बाद, कैदी ने दरवाजों, दीवारों और एक कूलर पर अपना सिर मारना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जेल कर्मचारियों को संदेह हुआ कि ढिल्लू नशीले पदार्थों के प्रभाव में हो सकता है, जिसके बाद उसके मूत्र की जांच की गई। अधिकारी ने कहा, कैदी ने दरवाजों, दीवारों और कूलर पर अपना सिर मारना शुरू कर दिया।
कर्मचारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा परिवार से बातचीत पूरी कराने के लिए उसे रोका। परिवार से बातचीत पूरी होने के बाद, उसे अपने ब्लॉक में लौटने का निर्देश दिया गया। जेल अधिकारी दोनों कैदियों के आचरण और कथित धमकियों व खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है और इस घटना को सुरक्षा से जुड़े मामले के रूप में देख रहे हैं।