गहलोत ने दौरे के दौरान कन्हैयालाल हत्याकांड का जिक्र नहीं करने के लिए प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 26, 2025

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बांसवाड़ा यात्रा के दौरान 2022 के कन्हैयालाल साहू हत्याकांड पर कुछ न बोलने के लिए बृहस्पतिवार को उनकी आलोचना की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नीत केन्द्र सरकार इस मामले को लेकर बिल्कुल भी संवेदनशील नहीं है और यह विषय उनके लिए केवल चुनावी राजनीति तक सीमित था। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की एजेंसी एनआईए (राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण) तीन साल बाद भी अपराधियों को सजा नहीं दिलवा सकी है।

गहलोत ने कहा कि पहले सरकारी कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री अपनी सरकार की उपलब्धियां एवं आगे के लिए अपना दृष्टिकोण बताते थे लेकिन अब ऐसी परंपरा खत्म सी हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकारी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जिस तरह राजनीतिक भाषण देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा वह उचित नहीं है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने पोस्ट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, आपने चुनाव से पहले वादा किया था कि भाजपा सरकार बनने पर कांग्रेस सरकार की किसी योजना को बंद नहीं किया जाएगा। हमें किसी योजना का नाम बदलने पर ऐतराज नहीं है परन्तु आप जांच करवा लीजिए, भाजपा सरकार बनने के बाद राजस्थान में कांग्रेस सरकार की योजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या फिर कमजोर कर दिया है।’’

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ बेहतर ये होता कि प्रधानमंत्री राजस्थान में चुनाव पूर्व किए गए वादों का हिसाब देते। चुनाव में दी गई मोदी की गारंटी की राजस्थान में हवा निकल चुकी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने बृहस्पतिवार को बांसवाड़ा में केन्द्र एवं राज्य सरकार की 1,22,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। जून 2022 में उदयपुर में दो लोगों ने धारदार हथियार से दर्जी कन्हैयालाल साहू की हत्या कर दी थी। उस समय गहलोत राजस्थान के मुख्यमंत्री थे।

प्रमुख खबरें

Manik Saha ने पूरा किया वादा: Judo Star Asmita Dey को मिला 10 लाख का Check और अगरतला में अपना घर

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका