Ghaziabad के मंदिर में आरती रुकवाने के आरोप में Nanhe गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026

गाजियाबाद जिले के निवाड़ी क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में लाउडस्पीकर पर आरती बजाने से रोकने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को एक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान कुहेरड़ा गांव के निवासी नन्हे उर्फ अली खान के रूप में हुई है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को घटना के विरोध में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और जय श्री राम तथा हर हर महादेव के नारे लगाए, लिहाजा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है। शिकायतकर्ता दीपक त्यागी द्वारा दर्ज करायी गयी रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे नन्हे ने हनुमान मंदिर में प्रतिमा को पैर मारकर क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की और उस समय मंदिर में मौजूद महंत की पत्नी सावित्री देवी ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उन्हें धक्का दे दिया और गाली-गलौज की। हालांकि, पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मंदिर परिसर में जाने और महंत की पत्नी से लाउडस्पीकर पर बज रही आरती की आवाज कम करने के लिए कहने की बात स्वीकार की है।

उसने प्रतिमा को लात मारने, गाली देने और किसी को धक्का देने के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख खबरें

झांसी में Ambedkar प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश, पुलिस ने महिला को दबोचा

Bangladesh में Awami League के बंद पर BNP से टकराव, 2 कार्यकर्ताओं की मौत

विपक्ष मनाता रहा, लेकिन MK Stalin ने नहीं बदला फैसला; बोले- तमिलनाडु सबसे पहले

Bharatpur में अवैध खनन रोकने गए Forest Team पर हमला, लाठी-सरियों से पिटाई