By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
राजस्थान के भरतपुर जिले के बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर खनन माफिया और उसके साथियों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने वनकर्मियों को लाठी-डंडों और सरियों से पीटा, जिसमें रेंजर सहित कई कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे वनकर्मियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और वीडियो डिलीट करने के बाद मोबाइल रीसेट कर दिए। रुदावल थाने के प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि बयाना के रेंजर पवन सिंह बिधूड़ी ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, शनिवार को वह वनपाल सुरेंद्र कुमार और वनरक्षक पुखराज, नेतराम तथा रवि कुमार के साथ सरकारी वाहन से बंशी पहाड़पुर वन क्षेत्र में गश्त पर गए थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि टीम को सूखाशीला वनखंड से बंशी पहाड़पुर बी वनखंड की ओर जाते समय अवैध खनन की जानकारी मिली। इसी दौरान एक ट्रैक्टर मौके पर दिखाई दिया। उन्होंने बताया, वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर का पीछा किया तो चालक वाहन को रास्ते में खड़ा कर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के मुताबिक, वनकर्मियों ने ट्रैक्टर को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की तो रामअवतार नाम का व्यक्ति मौके पर पहुंचा और उसने फोन कर अन्य लोगों को बुला लिया। कुछ देर बाद करीब 15 से 20 लोग लाठी-डंडों और सरियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने वन विभाग के सरकारी वाहन का रास्ता रोक दिया और वनरक्षक नेतराम को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे वनरक्षक पुखराज, रेंजर पवन सिंह और वनपाल सुरेंद्र कुमार के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहे वनकर्मियों के मोबाइल फोन छीन लिए और वीडियो डिलीट करने के बाद उन्हें रीसेट कर दिया। पुलिस ने बताया कि रेंजर की शिकायत पर करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है।