लालफीते वालों की जय (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Dec 02, 2023

आपको बिलकुल याद नहीं होगा, किसी समय की बात है किन्हीं गलत लोगों ने मिलकर कड़ी मेहनत करनेवाली हमारी सफेदपोश नौकरशाही को सबसे निकृष्टतम के खिताब से नवाज़ा था। व्यवस्थाजी ने मुझे समझा रखा है कि देश की समस्याओं से परेशान मत हुआ करें, सर्वे तो आते रहते हैं और समझदार नौकरशाहों के लिए तो ऐसे सर्वे पुरस्कार होते हैं । खुलेदिमाग लोग ऐसी बातों का बुरा नहीं मानते । उस वक़्त दिमाग़ के पिछड़े हुए हिस्से को यह सर्वे पढ़कर लगा था कि संभवत दो चार लोगों में कुछ तो बदलाव आएगा ही मगर यह सर्वे भी हज़ारों पूर्व सर्वेक्षणों की तरह सचमुच गर्क हो चुका है। वही सर्वे कल शाम याद आया जब पिछले दिनों बनी टूट चुकी सड़क के गड्ढों में से उछलते हुए, छबीस साल पुरानी कार में जा रहा था। कुछ दूर, सुहानी शाम में सड़क किनारे मित्र नौकरशाह सरकारी कार के पास खड़े थर्मस की चाय का आनंद ले रहे थे। 

इसे भी पढ़ें: तरह-तरह के ग्राहक (व्यंग्य)

हमारी ऐसी वैसी कैसी कैसी आदतें पक चुकी हैं यार। स्कूल में आदर्शों का पाठ पसंद करने वाले विद्यार्थियों को व्यवस्था कैसे बदल देती है यह मेरे मित्र के चेहरे पर पुता था। महंगी कोचिंग लेकर कड़ी मेहनत कर ऊंचे ओहदों पर यह दूसरों के लिए तो सजते नहीं। सबकी तरह यह भी अपने परिवार को ज्यादा समृद्ध बनाने के लिए, रोबदाब के साथ ज़िंदगी जीने के लिए मेहनत करते हैं। यह सब इन्हें वीआईपी बनने का मौका देता है। काम लालफीताशाही के सांचे में सोच समझ कर ही करने पड़ते हैं। काम जल्दी निबटा देंगे तो कौन पूछेगा। जनता को गलत आदतें पड़ जाएंगी। सुबह से शाम तक काम करते करते थककर परेशान हो जाएंगे। क्लब जाएंगे तो वहां भी आम आदमी दिमाग में फंसा रहेगा। 

तुम नौकरशाह हो यानी पब्लिक सर्वेंट, हमने कहा। तुम दोस्त हो इसलिए सही अर्थ बता रहा हूं ‘ऐसा नौकर जो शाह हो’। पब्लिक सर्वेंट का मतलब होता है ‘पब्लिक जिसकी सर्वेंट हो’। हमारी पब्लिक तो मूढ़मति है जहां हांको चलती है। गाड़ी में बैठते हुए मेरी डैंटयुक्त गाड़ी की तरफ फिर देख बोले तुम भी इंडियन पब्लिक की तरह हो यार। गाड़ी नहीं बदली। हमने कहा तुम्हारी लालबत्ती। लालबत्ती तो दिमाग में होती है जनाब। मुझे सही जवाब पकड़ा दिया गया था। खैर आना कभी …और कोई सेवा…। लगा बहुत दिनों बाद किसी राजा से भेंट हुई जिसे, महाराज की  बार बार जयहो सुनना ही अच्छा लगता है। राजा है भई।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

कॉजपा के Delhi प्रदर्शन पर यूपी सीमाओं पर कड़ी सुरक्षा, कई ट्रेनें रद्द

Poland School Attacks: 50 हजार स्कूलों की जांच के बीच पुलिस ने 76 संदिग्धों को पकड़ा

Indian Sweet Recipe: उबले आलू से घर पर बनाएं टेस्टी Crispy Jalebi, नोट करें बनाने का आसान तरीका

प्रदर्शनकारियों को Delhi Police की हिरासत के बाद Indian Youth Congress ने शुरू की लीगल हेल्पलाइन