By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 09, 2022
पणजी। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को कहा कि भारत में ‘उत्तर से लेकर दक्षिण तक’ सारी पार्टियां ‘परिवार की पार्टी’ हो गई हैं और कांग्रेस ‘भारतीय परिवार पार्टी’ बन गयी है। नड्डा राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए 14 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले मंगलवार को पार्टी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। दक्षिण गोवा के फतोर्दा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि अन्य पार्टियों से अलग भाजपा पहले देश के बारे में सोचती है और उसके पास मजबूत वैचारिक आधार है।
भाजपा राष्ट्र को अपने हृदय में रखते हुए अपने सिद्धांतों और नीतियों का पालन करती है।’’ नड्डा ने कहा कि गोवा में सत्तासीन भाजपा मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में पूरे जोरशोर से काम कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुझे याद है कि दिवंगत मनोहर पर्रिकर जी (भाजपा के वरिष्ठ नेता और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री) ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जोश का नारा दिया था। प्रमोद सावंत ने पर्रिकर की गैर मौजूदगी में भी जोश बनाए रखा है।’’ नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार के तहत गोवा में आमूल-चूल बदलाव आए हैं। उन्होंने याद किया कि कैसे गोवा के लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए नाव से नदियां पार किया करते थे और अब राज्य में पुलों का जाल बिछा हुआ है।