By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026
गोवा में चार वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि एक सप्ताह के भीतर राज्य में किसी नाबालिग से यौन उत्पीड़न की यह दूसरी घटना है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई- भाषा को बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात कुशावती जिले के कानाकोना तालुका के श्रीस्थल गांव में हुई।
अधिकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की उम्र 20 साल के आसपास है और वह बिहार का रहने वाला है। वह दो दिन पहले ही गोवा आया था और यहां एक बेकरी में काम कर रहा था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पीड़िता और उसके माता-पिता के बयान एक गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) के प्रतिनिधि की मौजूदगी में दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी की पहचान बाद में सार्वजनिक की जाएगी।’’ इससे पहले, उत्तरी गोवा जिले के मापुसा शहर में रविवार रात गुब्बारे बेचने वाले एक व्यक्ति की तीन वर्षीय बेटी के साथ अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। पुलिस को अभी तक इस मामले में आरोपी का पता लगाने में कोई सफलता नहीं मिली है।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा था कि ऐसे अपराधियों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है और उन्हें स्थायी रूप से जेल भेजा जाएगा।