By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026
पणजी, चार नवंबर गोवा अपराध शाखा के एक निलंबित निरीक्षक को अपने केबिन में नाबालिग लड़की का कथित यौन उत्पीड़न करने के मामले में बुधवार को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में आरोपी की मदद करने के आरोप में एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग लड़की ने शुरुआत में अपनी शिकायत लेकर चाइल्डलाइन हेल्पलाइन से संपर्क किया था, जिसके बाद उसकी शिकायत डेकर के पास भेज दी गई थी। उस समय वह अपराध शाखा में तैनात था। पीड़िता की शिकायत के बाद कथित घटनाओं का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर 30 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई।
गोवा के पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने पहले कहा था कि विभाग कदाचार के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाता है और आरोपी के खिलाफ कानूनी तथा विभागीय, दोनों तरह की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डेकर और अपराध में मदद करने की आरोपी महिला को बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किए जाने के बाद वे पहले जांच में शामिल हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को पूछताछ के दौरान जांचकर्ताओं ने उनके बयानों में कई अहम विसंगतियां पाईं।
वे मामले के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में संतोषजनक स्पष्टीकरण देने में विफल रहे। उन्होंने कहा, “जांच के दौरान जुटाई गई सामग्री और गवाहों को प्रभावित करने तथा सबूतों से छेड़छाड़ किए जाने की आशंका को देखते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।” पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।