By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 27, 2026
नयी दिल्ली, 27 जुलाई वैश्विक बाजारों के मजबूती के रुख के बाद राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतें 2,440 रुपये बढ़कर 1.49 लाख प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी 5,300 रुपये के उछाल के साथ 2.3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,440 बढ़कर 1,49,640 प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गई। पिछले सत्र में यह 1,47,200 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 42.13 डॉलर या 1.04 प्रतिशत बढ़कर 4,095.30 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 1.47 प्रतिशत बढ़कर 59.04 डॉलर प्रति औंस हो गई। कोटक सिक्योरिटीज में जिंस शोध की एवीपी, कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘सोमवार को हाजिर सोना 4,100 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतें बढ़कर 59 डॉलर प्रति औंस हो गई।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच हमलों में कुछ समय के लिए रुकावट के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट से महंगाई की चिंताएं कम हुईं। इन चिंताओं की वजह से सख्त मौद्रिक नीति की उम्मीदें बढ़ रही थीं, जिससे सर्राफा (सोना-चांदी) बाजार को राहत मिली।