By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Jul 30, 2026
गोरखपुर जिले में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के आरोप में गिरफ्तार एक पुलिस कांस्टेबल को बृहस्पतिवार को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों ने उसके साथ कथित रूप से मारपीट की। पुलिस सत्रों ने बताया कि आरोपी अभिषेक यादव (35) गोरखपुर में डायल 112 में तैनात था और उस पर गत 29 जुलाई को एक बच्ची को अगवा करने के बाद उसकी हत्या करने का आरोप है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस यादव को दोपहर में अस्पताल ले गई थी और उसे देखते ही, अस्पताल के नाराज कर्मचारियों ने उसका पीछा किया और उसे पीटा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस को शक है कि हत्या से पहले उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया होगा। सूत्रों के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर बृहस्पतिवार सुबह एक नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कौस्तुभ ने बताया कि जांच के दौरान 200 से अधिक सीसीटीवी क्लिप की जांच की गई।
उन्होंने बताया कि 2018 बैच के कांस्टेबल यादव ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे नौकरी से बर्खास्त करने की सिफारिश की है और कहा है कि उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई शुरू की जाएगी। कौस्तुभ ने बताया कि यादव को पहले भी पश्चिम बंगाल की एक महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में निलंबित किया गया था, और जेल भेजा गया था, लेकिन उसी साल बाद में उसे बहाल कर दिया गया था।