गोटबाया राजपक्षे ने प्रधानमंत्री मोदी को श्रीलंका आने का न्योता दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 30, 2019

नयी दिल्ली। श्रीलंका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके द्वीपीय देश आने का न्योता दिया और कहा कि भारत उनके देश का बहुत पुराना मित्र है। मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें राजपक्षे ने (द्वीपीय देश में) राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद श्रीलंका आने का न्योता दिया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के साथ उनके देश का संबंध बहुआयामी है, जिसमें सुरक्षा संबंधी मुद्दों को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि जबकि अन्य देशों के साथ पहल और सहयोग की प्रकृति सामान्यत: आर्थिक एवं वाणिज्यिक हैं।

इसे भी पढ़ें: गोटबाया से मुलाकात के बाद PM मोदी ने श्रीलंका को 45 करोड़ डॉलर का लोन देने की घोषणा की

राजपक्षे को उनकी जीत के लिए बधाई देते हुए मोदी ने कहा कि यह सम्मान की बात है कि उन्होंने द्वीपीय देश में राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद भारत को अपनी विदेश यात्रा के लिए चुना। उन्होंने कहा कि यह भारत और श्रीलंका के बीच मैत्री संबंधों की मजबूती और गतिशीलता का प्रतीक है। यह इस बात का भी संकेत है कि दोनों देश इन संबंधों को कितनी अहमियत देते हैं। दोनों नेताओं ने मछुआरों के मुद्दे पर भी चर्चा की जो दोनों देशों के बीच एक संवेदनशील मुद्दा है।

इसे भी पढ़ें: पहली विदेश यात्रा में भारत पहुंचे श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे, आज होगी PM मोदी से मुलाकात

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा कि हमने मछुआरों के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की और हम अपने कब्जे में मौजूद भारत से संबद्ध नौकाओं को छोड़ने के लिए कदम उठाएंगे। राजपक्षे ने कहा कि सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग के अलावा मोदी और उन्होंने यह भी चर्चा की कि आर्थिक मामलों के संबंध में दोनों देश कैसे एकसाथ मिलकर काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमने यह भी चर्चा की कि भारत दोनों देशों के बीच कारोबार में कैसे मदद कर सकता है। राजपक्षे देश के पूर्व रक्षा मंत्री रहे हैं, जिन्हें श्रीलंका में गृहयुद्ध खत्म करने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने बेहद करीबी मुकाबले में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के अगले दिन 18 नवंबर को राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली।

प्रमुख खबरें

INDIA गठबंधन की दिल्ली में 30 सितंबर को हो सकती है बैठक, Mamata Banerjee ने Rahul Gandhi से की बात

RJD Protests in Ranchi: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

सब पर दादागिरी झाड़ते रहे ट्रंप, मगर कोई झुक नहीं रहा था! अब तो खुद US President ने ही अपनी सीमित शक्तियों का खुलासा कर दिया

Chhattisgarh में Dalli Rajhara-Rowghat रेलवे लाइन का अंतिम 17.5 किमी ट्रैक तैयार