लॉकडाउन के दौरान प्रवासी श्रमिकों की पूरी सहायता के लिए सरकार प्रतिबद्ध: अमित शाह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 28, 2020

नयी दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए घोषित 21 दिन के बंद (लॉकडाउन) के दौरान प्रवासी श्रमिकों को पूरा सहयोग देने की प्रतिबद्धता जतायी है। गृह मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्रवासी श्रमिकों, तीर्थयात्रियों आदि के लिए तुरंत राहत शिविर स्थापित करने के लिए कहा है, जो देशभर में लॉकडाउन के दौरान अपने मूल राज्यों में लौट रहे हैं या ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं। शाह ने कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए देश की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों के अनुसार, सरकार ने लॉकडाउन अवधि के दौरान प्रवासी कामगारों को पूरे सहयोग की प्रतिबद्धता जतायी है। लॉकडाउन बुधवार को लागू हुआ था।

आश्रयों की स्थापना सामाजिक दूरी बनाये रखने जैसी विभिन्न सावधानियों को ध्यान में रखते हुए की जाएगी। साथ ही इनकी स्थापना कोरोना वायरस के संक्रमितों की पहचान करने के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय जांच एवं ऐसे मामलों को पृथक रखने के लिए व्यवस्था के साथ होनी चाहिए। बयान में कहा गया है कि गृह मंत्रालय ने साथ ही सभी राज्यों को ऐसे राहत उपाय मुहैया कराने के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष का उपयोग करने के वास्ते अधिकृत किया है। बयान में कहा गया है कि ये उपाय इस मुद्दे से निपटने के लिए उनकी सहायता करेंगे। बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिकों ने पिछले कुछ दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में अपने काम के स्थानों को छोड़ दिया है और सैकड़ों किलोमीटर दूर अपने मूल स्थानों की ओर जा रहे हैं। ये श्रमिक रास्ते में कठिनाइयों का सामना भी कर रहे हैं। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशव्यापी बंद की घोषणा के बाद कोई भी परिवहन नहीं होने के कारण प्रवासी श्रमिकों के पास पैदल चलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उनकी परेशानी देखकर, कुछ राज्य सरकारों ने उनके परिवहन, रहने और भोजन की व्यवस्था की है।

प्रमुख खबरें

Mizoram में MZP प्रदर्शन के बाद MPSC भर्ती रुकी, 14 अगस्त तक की परीक्षाएं रद्द

Sikar में पैतृक जमीन विवाद में युवक संजय नेहरा ने खाया ज़हर, अस्पताल में भर्ती

Meghalaya voter list: 6.51 लाख नाम जांच के दायरे में आए, उचित सत्यापन के बाद ही होगा निर्णय

Bihar में Samrat Choudhary ने दिए निर्देश, 30 दिन में होगा नागरिकों की शिकायतों का समाधान