By अभिनय आकाश | Sep 16, 2026
केंद्र सरकार ने उन दावों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि UPI पेमेंट पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू करने का फैसला विदेशी दबाव में लिया गया था। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के लिए उठाया गया था। इन आरोपों पर स्थिति साफ करते हुए वित्त मंत्रालय ने कहा कि भारत की UPI पॉलिसी से जुड़े फैसले "स्वतंत्र रूप से" लिए गए थे और यह ग्राहकों के लिए मुफ्त बनी रहेगी। बयान में कहा गया है कुछ दावों में कहा गया है कि यह बदलाव विदेशी प्रभाव के कारण हुआ है। यह गलत है। भारत की UPI पॉलिसी से जुड़े फैसले स्वतंत्र रूप से लिए जाते हैं, और इनका स्पष्ट मकसद एक ऐसा डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम बनाना है जो आत्मनिर्भर, समावेशी और किफायती हो।
क्या इस कदम से अमेरिकी कार्ड कंपनियों को फ़ायदा होगा?
हालांकि, कांग्रेस का आरोप है कि इस कदम का मकसद अमेरिकी कार्ड कंपनियों को फ़ायदा पहुंचाना है। राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने इस कदम को नरेंद्र द्वारा ट्रंप को खुश करने की लगातार कोशिश करार दिया है। रमेश ने ट्वीट किया, "MDR 0.4% क्यों? क्या इसलिए कि डेबिट कार्ड का MDR भी 0.4% है? क्या ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि अमेरिकी कार्ड कंपनियां UPI से मुकाबला कर सकें? उन्होंने आगे कहा मोदी सरकार ने ज़ीरो MDR खत्म करने और UPI के लिए चार्ज लगाने की अमेरिकी मांग मान ली है।" अपनी बात को पुख्ता करने के लिए रमेश ने भारत में UPI के मुफ़्त होने पर अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि की पिछली आलोचना का ज़िक्र किया।