राज्यपाल ने निम्न शिवालिक पर्वत श्रृंखला में उपलब्ध जैव-विविधता के दस्तावेजीकरण की आवश्यकता पर बल दिया

By विजयेन्दर शर्मा | Nov 29, 2021

शिमला   राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर ने आज ऊना जिला के अपने प्रवास के तीसरे व अन्तिम दिन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के सभागार में आयोजित बैठक में ऊना जिला में संचालित की जा रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और फ्लैगशिप परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने और इन योजनाओं के शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को लाभ पहंुचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हम सभी को किसी न किसी रूप में समाज को अपना योगदान अवश्य देना चाहिए।

राज्यपाल ने बंगाणा उप-मंडल के अन्दरौली में क्रियान्वित की जा रही नृवंशविज्ञान (एथनो-बोटेनिकल गार्डन) बाग परियोजना में गहन रूचि दिखाते हुए निम्न शिवालिक पर्वत श्रृंखला में उपलब्ध जैव-विविधता के महत्त्व और इसके दस्तावेजीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इसके बेहतर दस्तावेजीकरण, वेटलैंड की पहचान इत्यादि के लिए पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया जाए। उन्होंने जिला में स्थित विभिन्न वेटलैंड क्षेत्रों में आने वाले प्रवासी पक्षियों के बारे में भी जानकरी प्राप्त की और वन विभाग के अधिकारियों को बर्ड फोटोग्राफर और बर्ड वाॅचर को सुविधाएं प्रदान करते हुए इस क्षेत्र में पर्यटन विकास को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिगत यहां वार्षिक आधार पर बर्ड वाॅचर के लिए समारोह आयोजित करने का भी सुझाव दिया।

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस आलाकमान हिमाचल में पार्टी के ढांचे में बदलाव लाने के तौर-तरीकों पर काम कर रहा है सुक्खू बोले

प्राकृतिक खेती पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह पद्धति वाणिज्यिक तौर पर भी व्यवहारिक है और कृषि विभाग को किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए ताकि रसायनों, उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विपरीत प्रभावों और विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि इस दिशा में पूर्व में बेहतर प्रयास हुए हैं और इसमें और गति लाने की आवश्यकता है।

इसे भी पढ़ें: प्रदेश सरकार हिमाचल में फिल्म उद्योग को आकर्षित करने के लिए प्रयासरतः मुख्यमंत्री

बैठक में राज्यपाल ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना, कोविड टीकाकरण, समग्र शिक्षा अभियान और दौलतपुर चैक से तलवाड़ा रेलमार्ग के प्रस्तावित विस्तार कार्यों की भी समीक्षा की। राज्यपाल विभिन्न विभागों के प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकारियों से और अधिक लग्न से कार्य करने का आग्रह किया ताकि जिला को राज्य में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त हो सके।    

इसे भी पढ़ें: राज्यपाल ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में टेका माथा, चिंतपूर्णी मार्ग रेलवे स्टेशन भी जांचा

इससे पूर्व उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए जिला में विभिन्न फ्लैगशिप परियोजनाओं जैसे पीजीआई सैटेलाइट केंद्र, आईआईआईटी, नेशनल सर्विस कैरियर सेंटर, मातृ-शिशु अस्पताल इत्यादि की अद्यतन स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन और वन विभाग संयुक्त रूप से बर्ड वाॅचर समारोह के आयोजन की दिशा में कार्य कर रहे हैं और शीघ्र ही इसे मूर्त रूप प्रदान कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्दरौली में एथनो-बोटेनिकल गार्डन, जलक्रीड़ा परिसर और ग्रामीण सेनेटरी मार्ट के निर्माण के लिए 7 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और यह परियोजना वन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से क्रियान्वित की जा रही है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्जित सिंह ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. अमित कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

राज्यपाल ने देहलां स्थित आश्रय स्कूल में विशेष रूप से सक्षम बच्चों से भेंट की

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने आज ऊना जिला के देहलां में स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के स्कूल एवं डे केयर सेंटर आश्रय का दौरा किया और विशेष रूप से सक्षम बच्चों से भेंट की।

राज्यपाल ने विशेष रूप से सक्षम बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में आश्रय स्कूल के संचालकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को जागरूक व प्रोत्साहित करने में आश्रय इस बहुत ही महत्त्वपूर्ण विषय पर प्रशंसनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने संचालकों को इसके लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं। आश्रय के अध्यक्ष एडवोकेट सुरेश ऐरी ने राज्यपाल का स्वागत किया और यहां छात्रों को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्रदान की।

इसके उपरान्त राज्यपाल ने देहलां में विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों के स्वयं सहायता समूह अराधना के सदस्यों से भी भेंट की। यह समूह दीये के लिए कपास की बत्तियां और धूप का उत्पादन कर स्वावलम्बन की दिशा मंे आगे बढ़ रहा है। राज्यपाल ने कहा कि जिला प्रशासन विशेष रूप से सक्षम लोगों के उत्थान की दिशा में बेहतरीन कार्य कर रहा है इस अवसर पर उपायुक्त राघव शर्मा भी उपस्थित थे। 

प्रमुख खबरें

West Asia टेंशन से Stock Market में कोहराम, Sensex 1100 अंक लुढ़का, निवेशकों में हड़कंप

Middle East Crisis का Global Economy पर असर, Qatar की चेतावनी- कभी भी रुक सकती है Energy Supply

Iran-Israel तनाव से Crude Oil की कीमतों में आग, Brent दो साल के High पर पहुंचा।

Flipkart की IPO से पहले बड़ी तैयारी, Cost Cutting के नाम पर 500 कर्मचारियों की हुई छंटनी