Greater Noida में विषाक्त भोजन से दंपती समेत तीन बच्चों की मौत, मायावती ने की जांच की मांग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 17, 2026

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र के एक गांव में कथित तौर पर खाद्य विषाक्तता के कारण पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने इस घटना की जांच की मांग की है, वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस मामले को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

घटना के बाद फॉरेंसिक अधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जेवर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक धीरेंद्र सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा कि उन्होंने इस दुखद घटना के बारे में मुख्यमंत्री कार्यालय को जानकारी दे दी है। उन्होंने कहा, ‘‘इस बात का पता लगाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि परिवार ने जो भोजन किया था, उसमें कोई जहरीला पदार्थ मौजूद था या किसी अन्य कारण से मौत हुई। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकती है।’’ सिंह ने कहा, ‘‘एक परिवार के पांच सदस्यों की असमय मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है।

पुलिस, प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम जांच में जुटी हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि घटना के हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जल्द से जल्द यह पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर किस वजह से पूरे परिवार के सदस्यों की मौत हुई।’’ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, नयी दिल्ली सीमा पर ग्रेटर नोएडा में संभवतः ज़हरीला खाना खाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो जाने की ख़बर अति-दुखद व चिंताजनक है।

सरकार इस घटना की सही से जांच कराकर दोषियों के ख़िलाफ सख्त कार्रवाई करे। समाजवादी पार्टी मीडिया प्रकोष्ठ ने भी एक्स पर एक पोस्ट में नोएडा की घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने पोस्ट में कहा, उत्तर प्रदेश के नोएडा के एक घर में पांच लाशें मिली हैं।

खाद्य विषाक्तता की आशंका जताई जा रही है। मुख्यमंत्री बिष्ट ठाकुर आदित्यनाथ और भाजपा के राज में मिलावटी खाद्य पदार्थ, दूषित भोज्य पदार्थ, जहरीली सब्जी और फल धड़ल्ले से बिक रहे हैं और इस सब जहरीले व नकली भोज्य पदार्थ के धंधों के पीछे भाजपाई हैं तथा इन सबको सीधा-सीधा मुख्यमंत्री आदित्यनाथ का वरदहस्त प्राप्त है। सपा ने कहा, पहले भी हिंदू युवा वाहिनी का एक नेता मिलावट करता हुआ पकड़ा गया था, सोचिए जरा, कि यह भाजपा की सरकार हम सबको किस तरह से एक-एक करके जान से मार रही है।

प्रमुख खबरें

DLF का लक्जरी आवासों और किराये की आय से राजस्व बढ़ाने पर फोकस

लुधियाना में है मां महागौरी का यह सिद्ध शक्तिपीठ मंदिर, महाअष्टमी पर करें दर्शन; जानें कैसे पहुंचे और क्या है खास?

Goa में 30 हजार करोड़ की साइबर ठगी मामले में ED ने मुकेश जैन को पकड़ा

Saudi Arabia में हमलों के खौफ से 552 उड़ानें प्रभावित, भारतीय एयरलाइंस पर भी बड़ा असर, देखें Full list of cancellations, suspensions of UAE-Saudi Flights