By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026
ग्रेटर नोएडा (उप्र), दो नवंबर गौतम बुद्ध नगर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की एक टीम ने मिठाई बनाने वाली फैक्टरियों में छापेमारी के दौरान सोमवार को रसगुल्लों में मच्छर और मक्खियां मिलने पर 360 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट कराए तथा खाद्य पदार्थों के नौ नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि जोधपुरवाला स्थित मिठाई की एक फैक्टरी से केसर चमचम और लड्डू के नमूने लिए गए।
मिश्र ने बताया कि इसी तरह तिलपता कर्णवास स्थित मिठाई की एक अन्य फैक्टरी से बूंदी के लड्डू और रसगुल्ले के नमूने लिए गए। उन्होंने बताया कि गढ़ी बावन बीघा स्थित कृष्णा स्वीट भंडार से रसगुल्ले और डोडा बर्फी के नमूने लिए गए तथा वहां रसगुल्लों में मक्खियां और मच्छर मिलने पर करीब 60 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट कराए गए। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल नौ नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जांच में नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।