By एकता | Nov 11, 2026
नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए एक बहुत अच्छी खबर आई है। केंद्र सरकार ने एक्वा लाइन मेट्रो के नए रूट को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) के लोगों की सालों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार, 11 नवंबर को प्रेस ब्रीफिंग में इस बड़े फैसले की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिखाई गई। सरकार के इस फैसले से नोएडा सेक्टर-51 से लेकर ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक मेट्रो दौड़ेगी। इस नए रूट के बनने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुल एक्टिव मेट्रो नेटवर्क बढ़कर 71.878 किलोमीटर का हो जाएगा।
एक्वा लाइन का यह नया रूट 8.449 किलोमीटर लंबा होगा और इस पर कुल 5 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे। यह पूरा रूट नोएडा सेक्टर-51 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक जाएगा।
इस रूट का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यात्रियों को नोएडा सेक्टर-61 में 'ब्लू लाइन मेट्रो' के साथ इंटरचेंज की सुविधा मिल जाएगी। इससे लोग बिना किसी परेशानी के सीधे दिल्ली और एनसीआर के बाकी इलाकों तक बेहद आसानी से सफर कर सकेंगे।
फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों में रहने वाले लोगों को मेट्रो पकड़ने के लिए ऑटो, कैब या अपनी गाड़ियों से लंबा सफर तय करना पड़ता है। सरकार का मानना है, "इस कॉरिडोर के शुरू होने से रोजगार, कारोबार, पढ़ाई और इलाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।"
सड़कों पर गाड़ियां कम चलने से रोजाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। इससे लोगों का समय और पेट्रोल-डीजल तो बचेगा ही, साथ ही प्रदूषण कम करने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
नए रूट के शुरू होने से कई बड़े बाजारों और दफ्तरों तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।
मॉल और बाजार: गौर सिटी मॉल, एचएंडएस मॉल, ब्लू सफायर मॉल और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 का कमर्शियल एरिया।
बड़ी कंपनियां और दफ्तर: नोएडा सेक्टर-51 का आईकिया (IKEA), सेक्टर-60 में टेक महिंद्रा और टीसीएल टेक के दफ्तर, सेक्टर-73 में ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और सेक्टर-4 का गोल्डन आई बिजनेस सेंटर।
बड़ी सोसायटियां: गौर सिटी-1, गौर सिटी-2 और नोएडा सेक्टर-122 की क्लियो काउंटी सोसायटी के लाखों निवासियों को सीधा फायदा होगा।
इस नए मेट्रो रूट से इलाके के प्रमुख अस्पतालों और स्कूलों तक पहुंचना भी काफी आसान हो जाएगा। इनमें नोएडा सेक्टर-51 का क्लाउडनाइन अस्पताल, सेक्टर-70 का कैलाश अस्पताल और रामा अस्पताल, सेक्टर-62 का रामा अस्पताल और सेक्टर-122 का दिल्ली पब्लिक स्कूल शामिल हैं। कुल मिलाकर यह नया मेट्रो रूट ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विकास में एक बड़ा मोड़ साबित होगा।