BSE Sensex में 773 अंकों का उछाल, Nifty 25255 के पार पहुंचा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही। विदेशी निवेशकों की लिवाली, उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजों और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बीएसई सेंसेक्स 773 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,255 अंक के पार बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 772.75 अंक यानी 0.95 प्रतिशत चढ़कर 81,879.40 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान एक समय यह 1,413.75 अंक यानी 1.74 प्रतिशत चढ़कर 82,520.40 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 210.40 अंक यानी 0.84 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,255.05 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 5.25 प्रतिशत चढ़ा।

इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में 4.37 प्रतिशत, ट्रेंट में 3.02 प्रतिशत, टाटा स्टील में 2.22 प्रतिशत, आईटीसी में 2.15 प्रतिशत और एक्सिस बैंक में 2.14 प्रतिशत की तेजी रही। दूसरी तरफ, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 7,212.22 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीद की थी।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.58 प्रतिशत बढ़कर 92.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजार लगातार नौवें नियमित कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौर में दिवाली का मुहूर्त कारोबार शामिल नहीं है, जिसमें बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था।

कारोबारी सत्र की शुरुआत में मिली बढ़त का कुछ हिस्सा गंवाने के बावजूद बाजार अपनी तेजी बनाए रखने में सफल रहे।’’ उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली, कच्चे तेल की कम कीमतें, रुपये की मजबूती और कंपनियों के उत्साहजनक तिमाही नतीजों से बाजार में तेजी को बल मिला है। इन कारकों ने निवेशकों का भरोसा मजबूत किया है। दिवाली बलिप्रतिपदा के अवसर पर मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार बंद रहे थे।

सोमवार को सेंसेक्स 107.25 अंक चढ़कर 81,106.65 अंक पर और निफ्टी 58.25 अंक बढ़कर 25,044.65 अंक पर बंद हुआ था। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा। यूरोप के बाजारों में ज्यादातर में तेजी का रुख था।

अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

प्रमुख खबरें

पूर्व हॉकी कप्तान MM Somayya के चोरी हुए ओलंपिक स्वर्ण समेत सभी पदक Bengaluru Police ने किए बरामद

क्या दिल्ली में छिपाया जा रहा है असली प्रदूषण? आंखों पर काली पट्टी बांध CAQM Office के बाहर AAP का प्रदर्शन

Beauty Tips: शादी से ठीक पहले Botox और Fillers के गलत इस्तेमाल से बिगड़ सकता है फेस लुक

नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनेगा Yuge Yugeen Bharat Museum, कैबिनेट ने 3,230 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट को दी मंजूरी