By अंकित सिंह | Jun 29, 2024
भारी बारिश के बीच गुजरात में राजकोट हवाई अड्डे के टर्मिनल के बाहर यात्री पिकअप और ड्रॉप क्षेत्र में एक छतरी ढह गई है। यह घटना दिल्ली हवाई अड्डे पर इसी तरह की घटना के एक दिन बाद हुई है जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह घायल हो गए थे। इतने दिनों में यह इस तरह की तीसरी घटना है। अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। राजकोट अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन 27 जुलाई, 2023 को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था।
केंद्र ने दिल्ली दुर्घटना पीड़ित के परिवार के लिए 20 लाख रुपये और घायलों के लिए 3 लाख रुपये के मुआवजे की भी घोषणा की। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर हुई यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें एक की मौत हो गई. हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। सभी घायलों का इलाज चल रहा है. इनमें से एक को छुट्टी दे दी गई है. मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये और घायलों को 3 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।