By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 23, 2026
गुजरात के भावनगर जिले में इलाज के दौरान तीन और लोगों की मौत होने के साथ ही जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर शनिवार को 11 हो गई, जबकि चार अब भी अस्पताल में हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन के अनुसार, भावनगर सरकारी अस्पताल में हार्दिक किलजी (36) और अविनाश परमार (54) की मौत हुई, जबकि संजय डोडिया ने सूरत के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने उन 24 लोगों का भी पता लगाया, जिन्होंने शराब पी थी, ताकि उनकी चिकित्सकीय जांच की जा सके। जांच में वे सभी स्वस्थ पाए गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में अबतक मृतकों की संख्या 11 हो गई है।
पुलिस ने बताया कि जहरीली शराब मामले के संबंध में वरतेज थाने में दर्ज प्राथमिकी में नामजद 21 आरोपियों में से 13 को गिरफ्तार किया जा चुका है। गुजरात में शराब बनाना, बिक्री और सेवन प्रतिबंधित है तथा यह राज्य शराबबंदी वाले राज्य के रूप में जाना जाता है। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों ने भारत में निर्मित लोकप्रिय विदेशी शराब (आईएमएफएल) ब्रांड के नाम वाली बोतलों में पैक की गई जहरीली शराब का सेवन किया था।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मद्य निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-इरादतन हत्या, मिलावट और जहर देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। स्थानीय अदालत ने बृहस्पतिवार को आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) को सौंप दी गई है।
यह गुजरात पुलिस की विशेष इकाई है, जो पूरे राज्य में अवैध शराब और जुआ गतिविधियों पर नजर रखती है।