By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 22, 2021
मॉस्को। रूस में ‘गनपाउडर’ की एक फैक्टरी में विस्फोट होने और आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य लापता बताये जा रहे हैं। आपात स्थिति से जुड़े मंत्रालय ने बताया कि विस्फोट मॉस्को से लगभग 270 किलोमीटर (लगभग 167 मील) दक्षिण-पूर्व में स्थित रियाज़ान क्षेत्र में एक फैक्टरी में हुआ।
रूस की स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, घटना में लापता हुए लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंत्रालय ने बताया कि 170 आपात सेवा कर्मी और 50 वाहन मौके पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। अधिकारी घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं।