बिहार चुनाव: गुप्तेश्वर पांडेय को झटका, परशुराम चतुर्वेदी होंगे बक्सर से भाजपा उम्मीदवार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 07, 2020

नयी दिल्ली। भाजपा ने बुधवार को अगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। इसमें सिर्फ दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। पार्टी ने बक्सर विधानसभा क्षेत्र से परशुराम चतुर्वेदी और अरवल से दीपक शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि केंद्रीय चुनाव समिति ने इन दोनों नामों को अपनी स्वीकृति दी है। हाल ही में बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पद से अपनी निर्धारित सेवानिवृति से पहले ही ऐच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेने वाले गुप्तेश्वर पांडेय को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें बक्सर से चुनाव लड़ाया जा सकता है। बक्सर पांडेय का पैतृक जिला है। वीआरएस लेने के बाद वह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल हो गए हैं। बाद में एक फेसबुक पोस्ट के जरिए गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि अपने अनेक शुभचिंतकों के फ़ोन से परेशान हूँ। मैं उनकी चिंता और परेशानी भी समझता हूँ। मेरे सेवामुक्त होने के बाद सबको उम्मीद थी कि मैं चुनाव लड़ूँगा लेकिन मैं इस बार विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ रहा। हताश निराश होने की कोई बात नहीं है। धीरज रखें। मेरा  जीवन संघर्ष में ही बीता है। मैं जीवन भर जनता की सेवा में रहूँगा। कृपया धीरज रखें और मुझे फ़ोन नहीं करे। बिहार की जनता को मेरा जीवन समर्पित है। अपनी जन्मभूमि बक्सर की धरती और वहाँ के सभी जाति मज़हब के सभी बड़े-छोटे भाई-बहनों माताओं और नौजवानों को मेरा पैर छू कर प्रणाम! अपना प्यार और आशीर्वाद बनाए रखें !

प्रमुख खबरें

Nepal Flood से बाल-बाल बचे Raipur के पांच दोस्त, चाय के लिए रुकने से टला बड़ा हादसा

Nepal Floods में मरने वालों का आंकड़ा 675 पहुंचा, 2400 लापता लोगों की तलाश जारी

Indus Waters Treaty पर बोले Ishaq Dar, पाकिस्तान का पानी रोका तो परिणाम होंगे गंभीर

Yogi Adityanath ने Gorakhpur में विपक्ष पर साधा निशाना, कहा- विकास विरोधी बांट रहे समाज