By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 27, 2026
प्रत्येक धर्म में ग्रंथों को पवित्रतम स्थान हासिल है। हिंदुओं में गीता, मुसलमानों में कुरान, ईसाइयों में बाइबिल की तरह ही सिखों में गुरु ग्रंथ साहिब पूजनीय पवित्र ग्रंथ है। सिख इतिहास में 27 अगस्त का विशेष महत्व है। दरअसल सिखों के लिए सर्वाधिक श्रद्धेय अमृतसर के हरमंदिर साहिब में 1604 को 27 अगस्त के ही दिन गुरु ग्रंथ साहिब की स्थापना की गई थी। इतिहास में 27 अगस्त का दिन क्रिकेट के खेल में एक महान बल्लेबाज के जन्म के रूप में भी याद रखा जाता है। सर डॉन जॉर्ज ब्रैडमैन एक ऑस्ट्रेलियाई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर थे, जिन्हें सर्वकालिक महानतम बल्लेबाज के रूप में व्यापक रूप से मान्यता प्राप्त है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 52 टेस्ट मैचों में 6,996 रन बनाए और उनका टेस्ट बल्लेबाजी औसत 99.94 रहा। यह रिकॉर्ड आज भी क्रिकेट के सबसे असाधारण रिकॉर्ड में शामिल है। 27 अगस्त 1976 को भारतीय पार्श्व गायक मुकेश का 53 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। हिंदी फिल्म उद्योग के सबसे लोकप्रिय और प्रशंसित पार्श्व गायकों में से एक मुकेश को कई नामांकन और पुरस्कार मिले। फिल्म रजनीगंधा (1973) के उनके गीत कई बार यूं ही देखा है के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला और चार बार वह सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक के लिए फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किए गए। उनकी 100वीं जयंती पर उनके सम्मान में एक स्मारक टिकट जारी किया गया। 27 अगस्त 2006 को भारतीय सिनेमा के महानतम फिल्म निर्माता, निर्देशकों में से एक ऋषिकेश मुखर्जी का 83 साल की उम्र में निधन हो गया। चार दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने 42 फिल्मों का निर्देशन किया। अनाड़ी, सत्यकाम, चुपके चुपके, अनुपमा, आनंद, अभिमान, गुड्डी, गोल माल, मझली दीदी, चैताली, आशीर्वाद, बावर्ची, खुबसूरत, किसी से ना कहना और नमक हराम जैसी फिल्में देने वाले मुखर्जी को 1999 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार और 2001 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उन्होंने आठ फिल्मफेयर पुरस्कार जीते थे।