By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
(एम जुल्करनैन) लाहौर, 20 नवंबर गुरु नानक देव की 557वीं जयंती के मौके पर आयोजित समारोहों में शामिल होने के लिए भारत से 3,000 से अधिक सिख श्रद्धालुओं के वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान पहुंचने की उम्मीद है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ‘इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड’ (ईटीपीबी) के प्रवक्ता गुलाम मोहिउद्दीन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पाकिस्तान सरकार ने 3,091 भारतीय सिख श्रद्धालुओं को वीजा जारी किए हैं।
ये श्रद्धालु आगामी रविवार को वाघा सीमा के रास्ते यहां पहुंचेंगे।’’ उन्होंने बताया कि ईटीपीबी के सचिव नासिर मुश्ताक, पंजाब के मंत्री एवं पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा और अन्य अधिकारी भारत से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे। मोहिउद्दीन ने बताया कि गुरु नानक देव की जयंती का मुख्य समारोह 24 नवंबर को ननकाना साहिब स्थित गुरुद्वारा जन्म स्थान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ईटीपीबी ने पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति और जिला प्रशासन के समन्वय से श्रद्धालुओं के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं।’’ उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए चिकित्सा शिविर, ठहरने की व्यवस्था, लंगर (सामुदायिक भोजन), सुरक्षा और परिवहन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, 22 नवंबर को पाकिस्तान पहुंचने के बाद श्रद्धालु ननकाना साहिब जाएंगे। इसके अनुसार अगले दिन वे जिले के कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करेंगे और इसके बाद गुरुद्वारा जन्म स्थान में जयंती के मुख्य समारोह में शामिल होंगे।