By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 21, 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 24 नवंबर से ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह राज्य की प्राचीन समुद्री विरासत और संस्कृति की याद में आयोजित होने वाले कटक के प्रसिद्ध बाली जात्रा का उद्घाटन करेंगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुर्मू मंगलवार दोपहर भुवनेश्वर पहुंचेंगी और बाद में बाली जात्रा (बाली की समुद्री यात्रा) का उद्घाटन करने के लिए कटक जाएंगी। पुलिस महानिदेशक (प्रभारी) विनयतोष मिश्रा ने कहा, राष्ट्रपति सिल्वर सिटी बोट क्लब पहुंचेंगी, जहां से वह नाव के जरिये महानदी के तट पर स्थित बाली जात्रा मैदान जाएंगी। इसके बाद वह बैटरी से चलने वाले वाहन से पहुंचकर त्योहार में शामिल होंगी।
अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू 24 नवंबर की शाम मेले का उद्घाटन करेंगी। वह उस दिन शाम पांच बजे से रात आठ बजकर 15 मिनट तक कटक शहर में रहेंगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्यपाल ब्रज मोहन राम के भी शामिल होने की संभावना है।