Gurugram में दो करोड़ रुपये मूल्य की 20.9 टन लौंग चोरी, तीन आरोपी अरेस्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 17, 2026

हरियाणा के गुरुग्राम में करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की लौंग की चोरी के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की गई 20.9 टन लौंग तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ट्रक बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पता चला कि मुंबई से दिल्ली के खारी बावली जा रहे लौंग से लदे एक ट्रक को गुरुग्राम में चोरी कर लिया गया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 11 अक्टूबर को ट्रक चालक को माल पहुंचाने का पता दिया गया था। जब खेप निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंची, तो कंपनी ने चालक से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। इसके बाद ट्रक की तलाश की गई।

ट्रक बावल के पास रॉयल पेपर होटल के नजदीक खाली और लावारिस हालत में मिला। पुलिस ने बताया कि ट्रक की जीपीएस लोकेशन की जांच से पता चला कि वह 12 अक्टूबर की रात गुरुग्राम के सेक्टर-93 इलाके में था। मौके का निरीक्षण करने पर पुलिस को बिखरी हुई लौंग और बोरों पर लगे पहचान संबंधी लेबल मिले।

इससे संकेत मिला कि माल को वहां उतारकर दूसरे ट्रकों में स्थानांतरित किया गया था। इस शिकायत के आधार पर सेक्टर-10 थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान शुक्रवार को राठवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

उनकी पहचान असम निवासी अजीज और हरियाणा निवासी मनन तथा जुनैद के रूप में हुई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने चोरी को अंजाम देने के लिए सेक्टर-88/89 इलाके में एक सुनसान जगह पर लौंग से लदे ट्रक को खाली किया और माल को दो अन्य ट्रकों में स्थानांतरित कर दिया।” अधिकारी के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया ट्रक मनन का है, जबकि जुनैद उसे चलाता था। आरोपियों ने चोरी की लौंग को असम ले जाकर बेचने की योजना बनाई थी।

अजीज पर चोरी का माल बेचने में मदद करने का आरोप है।

प्रमुख खबरें

Bhagwant Mann के फ्रांस दौरे पर BJP का तंज, पंजाब संकट में और सीएम मना रहे जन्मदिन

लद्दाख में निर्वाचित संस्था के गठन को केंद्र प्रतिबद्ध, 22 अक्टूबर को फिर होगी बातचीत

NPPA ने कैंसर की 137 गैर-अनुसूचित दवाओं पर ट्रेड मार्जिन 30% किया सीमित

London में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, Dhruv Rathee ने की नए चुनाव आयुक्त की मांग