Gurugram में डेटिंग ऐप पर दोस्ती कर 90 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाली युवती गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 06, 2026

गुरुग्राम, छह अक्टूबर हरियाणा के गुरुग्राम में डेटिंग ऐप के जरिए मिले एक व्यक्ति को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उससे करीब 90 लाख रुपये ऐंठने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसने जाल बिछाकर रविवार को महिला को 50 हजार रुपये नकद लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

गुरुग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) नवीन शर्मा ने कहा, ‘‘जांच में पता चला कि आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता के साथ संबंध बनाए और बाद में उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया तथा लगातार पैसे की मांग करने लगी। उसने ब्लैकमेल करके शिकायतकर्ता से करीब 90 लाख रुपये ले लिये थे और अब भी उससे लाखों रुपये मांग रही थी।’’ महिला पर पीड़ित को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप है। इस संबंध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस की एक टीम गठित की गई। टीम ने शिकायतकर्ता को जरूरी निर्देश दिए और जब वह महिला को पैसे दे तो उस पर नजर रखने की योजना बनाई। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला ने रविवार को शिकायतकर्ता को सोहना रोड स्थित सेक्टर-47 के कॉफी हाउस में बुलाया था।

पुलिस टीम सादे कपड़ों में वहां पहुंची और पूरी कार्रवाई पर नजर रखी। पुलिस के अनुसार, जब महिला ने कॉफी स्थल पर शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लिए, तभी पुलिस टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए पैसे भी बरामद कर लिए।

पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए कुछ नोटों पर पुलिस टीम के सदस्यों के हस्ताक्षर और आद्याक्षर भी थे। एसीपी शर्मा ने कहा, ‘‘दो दिन की पुलिस हिरासत के दौरान हमने आरोपी महिला के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये की राशि को फ्रीज कराया है। मामले में आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जा रही है।

प्रमुख खबरें

Awami League से सुलह पर बांग्लादेश सरकार का रुख, जिम्मेदारी स्वीकारने की रखी शर्त

कूचबिहार में DRI ने पकड़ा 12.37 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना, 4 गिरफ्तार

Kiren Rijiju ने विपक्ष के विरोध मार्च को बताया नाटक, Rahul Gandhi को दी निस्वार्थ सेवा की सलाह

Shreyas Iyer के शतक से भारत ने West Indies को आठ विकेट से हराया