गुवाहाटी में पांच लोगों की हत्या के आरोपी घनकांत गोगोई को 7 दिन की पुलिस रिमांड

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026

गुवाहाटी की एक अदालत ने एक होटल में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या करने और एक अन्य को घायल करने के आरोपी घनकांत गोगोई को मंगलवार को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। एक वकील ने यह जानकारी दी। वकील ने बताया कि गोगोई को तीन नवंबर को फिर से अदालत में पेश किया जायेगा।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। वहीं, मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमला सुनियोजित था और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस के एक बयान के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि गोलीबारी की घटना होटल बिलास इन के पट्टे और प्रबंधन को लेकर हुए विवाद का नतीजा थी।

यह होटल भराली परिवार का है, जिसने इसे गोगोई को पट्टे पर दिया था। पुलिस ने बताया कि परिवार ने 10 सितंबर, 2025 को गोगोई के साथ पांच साल का पट्टा समझौता किया था। इसके तहत लगभग 1.8 लाख रुपये मासिक किराया तय किया गया था।

बताया जाता है कि गोगोई द्वारा संपत्ति के नवीनीकरण के बाद उसके इस्तेमाल और कुछ सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर मतभेद पैदा हो गये थे। पुलिस ने बताया कि इन विवादों को सुलझाने के लिए सोमवार को होटल में एक बैठक निर्धारित की गई थी। हालांकि, बैठक शुरू होने से पहले ही कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई।

इसके बाद गोगोई ने कथित तौर पर छह लोगों पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान भूदेव भराली, उनकी बहन हेलेना, हेलेना के बेटे देबर्षि कश्यप, बहू रिनिका कश्यप और परिवार के कर्मचारी नारायण दास के रूप में हुई है। गोलीबारी में भराली परिवार का चालक सत्येंद्र पाठक भी घायल हो गया।

प्रमुख खबरें

कर्नाटक MLC Election: बेंगलुरु शिक्षक सीट पर JDS की जीत, भाजपा ने उत्तर-पूर्व सीट पर जमाया कब्जा

Commonwealth Kabaddi Championship: भारतीय टीम ने तंजानिया को 48-20 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

Kumbh Mela 2027: नासिक के रामकुंड और त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त तीर्थ पर डाक टिकट होंगे जारी

Om Birla के OSD को धमकी देने पर Congress नेता Prahlad Gunjal पर कोटा में केस दर्ज