प्रशंसकों ने गांगुली का जन्मदिन मनाया, टीम इंडिया को सेमीफाइनल के लिए दीं शुभकामनाएं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 08, 2019

कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली सोमवार को 47 बरस के हो गए और इंग्लैंड में चल रहे विश्व कप में कमेंटेटर की भूमिका में व्यस्त होने के कारण उनके शहर में नहीं होने के बावजूद उनके प्रशंसकों ने यहां जश्न मनाया जबकि टीम के उनके पूर्व साथियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई दी। यहां बेहाला में गांगुली के घर के समीप रहने वाले उनके एक प्रशंसक रतन हलदर ने अपने आदर्श खिलाड़ी का जन्मदिन स्कूली बच्चों को मिठाई और केक बांटकर मनाया। साथ ही भारतीय टीम को शुभकामना देने के लिए विशाल बैनर भी लगाया जो मंगलवार को मैनचेस्टर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलेगी। हलदर 2005 के गांगुली का फैन क्लब भी चलाते हैं।

हलदर ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि भारत फाइनल में जगह बनाएगा और फिर हम सौरव गांगुली फैन क्लब में बड़ा जश्न मनाएंगे। दूसरी तरफ गांगुली ने इस मौके पर इस्टाग्राम पर पदार्पण किया और केट काटने की तस्वीर डाली। गांगुली ने तस्वीर के संदर्भ में लिखा कि आज मेरी उम्र एक साल बढ़ गई, मैं इसे ऐसा साल बनाना चाहता हूं जहां मैं अपने प्रशंसकों को कुछ वापस दूं। इस तस्वीर में गांगुली केट काटते हुए दिख रहे हैं।

गांगुली के टीम के पूर्व साथियों सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग ने भी इस पूर्व दिग्गज बल्लेबाज को ट्विटर पर बधाई दी। तेंदुलकर ने अपने युवा दिनों की तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा कि जन्मदिन मुबारक हो दादा। अंडर 15 दिनों में आपके साथ खेलने से लेकर अब आपके साथ कमेंटरी तक। यह काफी अच्छा सफर रहा। सहवाग ने ट्वीट किया कि जन्मदिन मुबारक को 56 इंच के कप्तान, दादा, सौरव गांगुली। 56 इंच का सीना, सातवें महीने का आठवां दिन, 8X7 = 56 और विश्व कप में 56 का औसत। जन्मदिन मुबारक हो दादा। सहवाग ने गांगुली के विश्व कप करियर का 55 .88 के औसत का आंकड़ा भी साझा किया। भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक गांगुली ने 311 एकदिवसीय मैचों में 11363 रन बनाए और वह 50 ओवर के प्रारूप में भारत के तीसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं।

प्रमुख खबरें

IRFC में सरकार के Offer For Sale से मचा हड़कंप, Infosys की AI डील ने निवेशकों को बनाया मालामाल।

White House में India के Tariff पर मचा था बवाल, Donald Trump ने अधिकारियों को सरेआम किया खारिज

America से तनाव के बीच Kim Jong Un का बड़ा दांव, North Korea अब समुद्र में बढ़ाएगा परमाणु ताकत

France में Heatwave का जानलेवा कहर, 40 लोगों की मौत, Eiffel Tower भी समय से पहले बंद