By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 31, 2026
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मध्यप्रदेश में 12 नवंबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल मौजूद थे। पुरी (74) सुबह 11 बजे के कुछ देर बाद विधानसभा भवन पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
उनका राज्यसभा का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक था। मध्यप्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटें हैं, लेकिन कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा अदालत के एक आदेश के कारण चुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे। इस वजह से विधानसभा की प्रभावी सदस्य संख्या 229 रह गई है।
राज्य में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस ने भोपाल में साकेत, संत हिरदाराम नगर, तुलसी नगर और सराफा चौक समेत कई स्थानों पर पुरी के पुतले जलाए थे। पार्टी ने आरोप लगाया था कि अमेरिका के यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों और पत्राचार में पुरी का नाम सामने आया है।
कांग्रेस इस साल की शुरुआत से ही पुरी के इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी का दावा है कि अमेरिका में जारी की गई ‘एपस्टीन फाइल्स’ में उनका नाम शामिल है। हालांकि, पुरी विपक्षी दल द्वारा लगाए गए आरोपों को पहले ही खारिज कर चुके हैं।