हरीश रावत ने किया दावा, पंजाब के मतदाता कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत देंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 16, 2022

चंडीगढ़। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पंजाब में खंडित जनादेश की संभावना से इंकार करते हुए बुधवार को कहा कि लोग राज्य में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत के साथ वापस लाएंगे क्योंकि यह एकमात्र पार्टी है जो समाज के सभी तबकों को साथ लेकर प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जा सकती है। पिछले साल सितंबर में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से अमरिंदर सिंह को हटाए जाने के समय रावत कांग्रेस के पंजाब मामलों के प्रभारी थे। उसके बाद अक्टूबर में, हरीश चौधरी को रावत के स्थान पर नियुक्त किया गया था। रावत ने विश्वास व्यक्ति किया कि कांग्रेस उत्तराखंड में भी सत्ता में आएगी और राज्य की 70 में से करीब 48 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

इसे भी पढ़ें: करहल में एसपी बघेल के काफिले पर हमला, भाजपा ने सपा पर उठाए सवाल, अनुराग ठाकुर ने EC से की शिकायत

पंजाब जो महसूस कर रहा है, वह आवाज यहां पहुंच रही है और मैं महसूस कर सकता हूं कि कांग्रेस पंजाब के साथ-साथ मेरे गृह राज्य में भी बेहतर स्थिति में है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रावत ने कहा कि पंजाब को एक ऐसी पार्टी की जरूरत है जो सभी तबकों को एक साथ लेकर आगे बढ़ सके और राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ही एकमात्र विकल्प है। रावत ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी का एजेंडा विभाजनकारी है जबकि आम आदमी पार्टी शासन के दिल्ली मॉडल को लागू करना चाहती है, जो नाकाम साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल को पिछली बार की ही तरह जनता नकार देगी। भाजपा नीत गठबंधन के सत्ता में आने पर मादक पदार्थों की समस्या को दूर करने के वादे के संबंध में रावत ने सवाल किया कि जब वे शिअद के साथ गठबंधन में सरकार चला रहे थे तो इस संकट से निपटने के लिए दस साल तक वे क्या कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसलिए, लोग उनके दावों पर विश्वास नहीं करेंगे। रावत ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की सराहना करते हुए कहा कि 111 दिनों के अपने छोटे से कार्यकाल में उन्होंने कई लोकोन्मुखी फैसले लिए और ड्रग माफिया के खिलाफ काम किया।

रावत ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, आप का पंजाब में कोई परिपक्व नेतृत्व नहीं है।’’ आप को पंजाब में कांग्रेस के लिए एक प्रमुख चुनौती के तौर पर देखा जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कुछ अच्छे युवा नेताओं, कुछ नयी संभावनाओं वाले नेताओं के साथ परखे और परिपक्व नेताओं का एक पूरा सेट है। इसलिए यह एक अच्छा मिश्रण है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही पंजाब के विकास और सुरक्षा जरूरतों का हल दे सकती है और उसे किसानों सहित समाज के विभिन्न तबकों का पूरा समर्थन मिल रहा है। रावत ने कहा, पंजाबियत ने पूरे देश को प्रभावित किया है, हम सबको इस तथ्य पर गर्व है। सिर्फ कांग्रेस ही इसे मजबूत कर सकती है। यह पूछे जाने पर कि वह मुख्यमंत्री चन्नी के कार्यकाल का आकलन किस प्रकार करेंगे, रावत ने कहा, आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले मिले कुछ ही समय के दौरान उन्होंने कड़ी मेहनत की है। उनमें वह क्षमता है, वह पंजाब को लोगों की इच्छा के अनुसार चलाते हैं।

उन्होंने कहा, मैं (उत्तराखंड का) मुख्यमंत्री रहा हूं, और मैं एक बात कह सकता हूं कि उन्होंने साबित किया है कि उनमें काफी संभावनाएं हैं। वह एक बहुत अच्छे मुख्यमंत्री होंगे...।’’ उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस एक टीम की तरह काम कर रही है और अगर पार्टी जीतती है तो इसमें प्रदेश पार्टी प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू जैसे नेताओं का बड़ा योगदान होगा। पंजाब चुनाव से पहले विभिन्न दलों द्वारा लोकलुभावन घोषणाएं करने के बारे में उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा बजटीय आवंटन और मजबूत अर्थशास्त्र के साथ वादे करती है।

प्रमुख खबरें

Mutual Fund Transfer के नियमों में ढील, AMFI ने सुधारी Transmission Policy, अब नहीं रुकेगा निवेशकों का पैसा

Kochi में 40 देशों की नौसेना का शक्ति प्रदर्शन, Indian Navy के नेतृत्व में शुरू होगा Operation Southern Readiness अभ्यास

Best Chess Player की रेस में Gukesh, Praggnanandhaa और Divya: क्या AICF जीतेगा सर्वश्रेष्ठ महासंघ का खिताब?

Punjab में बोले PM Modi, भले ही राज्य में BJP की सरकार नहीं, लेकिन केंद्र विकास के लिए प्रतिबद्ध