By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
बिहार शिक्षा विभाग ने मातृभाषा आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने तथा स्कूलों और शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों में क्षेत्रीय भाषाओं के शिक्षण एवं सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए पांच जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डीआईईटी) को क्षेत्रीय भाषा संवर्धन केंद्र के रूप में नामित किया है। इन पांच केंद्रों में मैथिली, मगही, भोजपुरी, अंगिका और बज्जिका भाषाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ये केंद्र क्रमशः दरभंगा, गया, सारण, भागलपुर और मुजफ्फरपुर स्थित डीआईईटी में स्थापित किए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की मंजूरी से शुरू की गई इस पहल को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के माध्यम से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप है, जिसमें बहुभाषी शिक्षा पर जोर दिया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से संबंधित भाषाओं के लिए शिक्षण-अधिगम सामग्री विकसित की जाएगी, शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, क्षेत्रीय भाषाओं एवं लोक साहित्य का दस्तावेजीकरण किया जाएगा तथा मातृभाषा आधारित शिक्षा और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों पर इसके प्रभाव को लेकर शोध को बढ़ावा दिया जाएगा।