By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खुद को मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताते हुए कहा है कि उनका लक्ष्य 2027 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाना है। रावत ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे मुख्यमंत्री पद की दौड़ में होने की कानाफूसियां बेवजह हैं। हमारी पार्टी में इस पद के लिए योग्य और सक्षम लोग हैं।
हमारा लक्ष्य 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाना है।’’ अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में रावत की ओर से हरिद्वार जिले की खानपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताए जाने के बाद कांग्रेस में इन चर्चाओं को बल मिला था। इसके बाद ही उन्होंने यह पोस्ट की। रावत 2014 से 2017 तक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 2027 में अगर कांग्रेस को बहुमत मिलता है, तो ‘‘मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूं, और न ही किसी अन्य पद’’ को पाने की कोई इच्छा है। रावत ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें बूथ स्तर के एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक बनने के अवसर दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इससे अधिक न तो मुझमें योग्यता और क्षमता थी और न ही मेरी कोई आकांक्षा है।’’ उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को सत्ता से हटाकर कांग्रेस की सरकार बनाना है।
रावत ने कहा, ‘‘इसी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मैं लगातार कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों को जनता को याद दिलाने का प्रयास करता हूं। इनमें मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल की उपलब्धियां भी शामिल हैं। साथ ही, मैं भाजपा सरकार की नाकामियों को भी गिनाता हूं।’’ अंकिता भंडारी हत्याकांड पर विशेष जोर देते हुए रावत ने कहा कि उनका उद्देश्य ‘‘उत्तराखंड की बेटी’’ को न्याय दिलाना और उसकी हत्या से जुड़े कथित ‘‘वीआईपी’’ को सजा दिलाना है।
उन्होंने इसे राज्य का बेहद अहम मुद्दा बताते हुए न्याय की मांग को कांग्रेस की प्रमुख राजनीतिक प्राथमिकताओं से जोड़ा। कांग्रेस नेता ने स्कूली बच्चों के मध्याह्न भोजन और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले राशन में कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य का नाम लिए बिना आरोप लगाया, ‘‘स्कूली बच्चों का निवाला और गर्भवती महिलाओं के हक का भोजन छीनकर करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया।’’ रावत ने कहा, ‘‘मध्याह्न भोजन और खाद्यान्न घोटाले में 210 करोड़ रुपये के गबन की बात सामने आई है।
इस घोटाले में शामिल और बरेली में आलीशान फार्म हाउस तथा महल बनाने वाले ‘बंटी-बबली’ को कानून के शिकंजे में लाना है।’’ रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ने भ्रष्टाचार के जरिए 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाई है।