By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
पंजाब में खेतों में पराली जलाने के कुल मामले बढ़कर 5,517 हो गए हैं। फिरोजपुर , तरनतारन और संगरूर जिलों में ऐसे सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। कई किसान फसल अवशेष जलाने से रोकने संबंधी सरकारी परामर्श की अब भी अनदेखी कर रहे हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार , पंजाब में मंगलवार को पराली जलाने की 345 नई घटनाएं सामने आईं , जिससे कुल मामले बढ़कर 5,002 हो गए। बुधवार को यह संख्या बढ़कर 5,517 पहुंच गई। आंकड़ों के मुताबिक , फिरोजपुर में पराली जलाने के सबसे अधिक 728 मामले दर्ज किए गए।
इसके बाद तरनतारन में 687, संगरूर में 628 और बठिंडा में 499 मामले सामने आए। पंजाब में 15 सितंबर से नौ नवंबर के बीच पराली जलाने की कुल 4,657 घटनाएं दर्ज की गईं। अब तक 1,695 मामलों में पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति के रूप में 85 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है।
इसमें से 37 लाख रुपये से अधिक की वसूली की जा चुकी है। आंकड़ों के अनुसार , इस अवधि में खेतों में आग लगाने के मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत 1,259 प्राथमिकी दर्ज की गईं। यह धारा लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा से संबंधित है।
राज्य के अधिकारियों ने फसल अवशेष जलाने वाले किसानों के भूमि रिकॉर्ड में 1,637 लाल प्रविष्टियां भी दर्ज की हैं। ऐसी प्रविष्टि होने पर किसान अपनी कृषि भूमि के बदले कर्ज नहीं ले सकते और न ही उसे बेच सकते हैं। खेतों में आग लगने की घटनाओं की वार्षिक निगरानी 15 सितंबर से शुरू होती है , जो एक अक्टूबर से धान की खरीद शुरू होने से दो सप्ताह पहले है।
अक्टूबर और नवंबर में धान की कटाई के बाद रबी की फसल गेहूं की बुवाई के लिए बहुत कम समय बचता है। ऐसे में कुछ किसान फसल अवशेष जल्दी हटाने के लिए अपने खेतों में आग लगा देते हैं। पंजाब में 2025 के धान कटाई सत्र के दौरान पराली जलाने की 5,114 घटनाएं दर्ज की गई थीं।
राज्य में 2024 में 10,909 और 2023 में 36,663 ऐसी घटनाएं हुई थीं।