पराली विवाद: Harpal Singh Cheema बोले, Kapil Mishra का दावा पूरी तरह झूठा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

चंडीगढ़/नयी दिल्ली, नौ नवंबर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पराली जलाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पलटवार करते हुए दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के उस दावे को ‘झूठ’ करार दिया है जिसमें कहा गया है कि आप शासित राज्य के किसानों ने आरोप लगाया है कि जब वे दिवाली मना रहे थे तब उनके खेतों में जानबूझकर आग लगा दी गयी थी। चीमा ने पूछा, ‘‘क्या पंजाब ही एकमात्र धान उत्पादक राज्य है?’’ उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा का यह मानना ​​है कि दिल्ली से सटे भाजपा-शासित हरियाणा में पराली जलाने की कोई घटना नहीं हो रही है? राष्ट्रीय राजधानी में हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं।

मिश्रा ने आरोप लगाया है कि दिवाली के दिन पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में ‘संदिग्ध’ रूप से अचानक बढ़ोतरी हुई है। चीमा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि भाजपा ने पंजाब के किसानों को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है और दिल्ली के प्रदूषण के लिए राज्य को बेवजह दोषी ठहराया जा रहा है। पंजाब में इस सीजन के दौरान दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखी गई।

उस दिन पराली जलाने के 1,152 नए मामले सामने आए। चीमा ने मिश्रा के बयान के बारे में पूछे जाने पर कहा , ‘‘ मिश्रा झूठ बोल रहे हैं।’’ दिल्ली में प्रेसवार्ता में मिश्रा ने कहा था कि दिल्ली सरकार ने पराली जलाने की घटनाओं से जुड़े सैटेलाइट डेटा की जांच की है जिसमें पाया गया कि दिवाली के दिन पंजाब में आग लगने की घटनाओं की संख्या, उससे पिछले तीन दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई थी। मिश्रा ने दावा किया कि पंजाब के किसान आरोप लगा रहे हैं कि जब वे अपने परिवारों के साथ दिवाली मना रहे थे तब उनके खेतों में पराली में जानबूझकर आग लगा दी गयी।

प्रमुख खबरें

White House के पास फुटपाथ पर चढ़ी कार, सुरक्षा कारणों से 20 मिनट तक लगा Lockdown

Census 2027 के लिए विशेष सॉफ्टवेयर से 24.25 लाख मकान सूचीकरण ब्लॉक का हुआ डिजिटल मानचित्रण

दिल्ली के रोहिणी में दिनदहाड़े चाकू घोंपकर युवक की हत्या: राजधानी में लगातार आपराधिक घटनाओं से दहशत का माहौल

Nvidia CEO Jensen Huang के चीनी एजेंट से रिश्ते की FBI जांच, Donald Trump बोले नहीं होगी परेशानी