By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 15, 2026
कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने मंगलवार को कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयोजित होने वाले पार्टी के ब्लॉक समिति सम्मेलनों से जमीनी स्तर पर कांग्रेस और मजबूत होगी। दत्त और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से राज्य में आयोजित ब्लॉक समिति सम्मेलनों में भाग ले रहे हैं। दत्त ने कहा कि इन सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और संगठन के मंच से स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा मेहम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे, जबकि कांग्रेस महासचिव और सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा असंध, टोहाना और रतिया में होने वाले सम्मेलनों को संबोधित करेंगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला नरवाना में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में वरिष्ठ नेता राज बब्बर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे, जबकि रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा रेवाड़ी और आदमपुर में होने वाले सम्मेलनों में भाग लेंगे।
दत्त ने कहा कि रेवाड़ी सम्मेलन को पूर्व मंत्री अजय सिंह यादव और कांग्रेस सचिव चिरंजीव राव भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इन सम्मेलनों के माध्यम से कांग्रेस अपना संदेश हर गांव, वार्ड और बूथ तक पहुंचा रही है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ये सम्मेलन जमीनी स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत कर रहे हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘इन कार्यक्रमों से पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सकारात्मक संदेश जा रहा है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।’’ सिंह ने बताया कि सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को गुरुग्राम में होगी, जिसमें दत्त भी मौजूद रहेंगे।