By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026
पंजाब के पटियाला में सोमवार को तीन अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े एक कार में सवार लोगों पर गोलीबारी की, जिससे शहर के भीड़भाड़ वाले सफाबादी गेट इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कार सवार लोगों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसके बाद हमलावर कथित तौर पर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कार में सवार सुखविंदर सिंह उर्फ गग्गू ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ निकलने वाला था, तभी उसके घर के बाहर सड़क पर मौजूद तीन लोगों ने उसकी कार पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, गग्गू ने बताया कि उसने तुरंत अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली और खुद तथा अपने साथियों की सुरक्षा के लिए जवाबी गोलीबारी की, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, उसने दावा किया कि करीब एक साल से दो लोग उसे धमकियां दे रहे थे। पुलिस के अनुसार, उसने आरोप लगाया कि फोन करने वालों ने उससे रंगदारी मांगी थी और उसे संदेह है कि रकम देने से इनकार करने के कारण उस पर हमला किया गया। घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कोतवाली थाना प्रभारी अमनपाल विर्क ने बताया कि पुलिस इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।