By अंकित सिंह | Dec 12, 2024
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को 2020 सामूहिक बलात्कार पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए हाथरस गए। बैठक के बाद, गांधी ने परिवार से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहने के लिए भाजपा सरकार की आलोचना की और अधिकारियों पर उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। अपने एक्स पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा कि आज हाथरस जाकर 4 साल पहले हुई शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना के पीड़ित परिवार से मिला। मुलाक़ात के दौरान उन्होंने जो बातें बताई उसने मुझे झकझोर कर रख दिया।
कांग्रेस नेता ने लिखा कि इस परिवार की हताशा और निराशा भाजपा द्वारा दलितों के ऊपर किए जा रहे अत्याचार की सच्चाई को दिखाते हैं। लेकिन हम इस परिवार को यूं ही इनके हाल पर रहने को मजबूर नहीं होने देंगे। इन्हें न्याय दिलाने के लिए हम पूरी ताक़त के साथ लड़ेंगे। सितंबर 2020 में 19 वर्षीय दलित किशोरी के साथ हुए भयावह सामूहिक बलात्कार ने राष्ट्रीय ध्यान खींचा था और पुलिस द्वारा मामले को संभालने के तरीके पर विरोध और आलोचना हुई थी। 14 सितंबर को महिला का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था। रिपोर्टों से पता चला है कि उसके साथ इस हद तक क्रूरता की गई थी कि उसकी जीभ काट दी गई थी। 29 सितंबर, 2020 को उसने दम तोड़ दिया।