उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार होने का मतलब ‘गुंडाराज पर नियंत्रण’ : पीएम मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 16, 2022

सीतापुर (उप्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार होने का मतलब ‘दंगा राज, माफिया राज और गुंडाराज पर नियंत्रण’ है। प्रधानमंत्री मोदी ने सीतापुर जिले की महोली, सीतापुर, हरगांव, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद, सिधौली और मिश्रिख विधानसभा क्षेत्रों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के उम्मीदवारों के समर्थन में यहां मिलिट्री ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपका ये उत्साह बता रहा है कि यूपी (उत्तर प्रदेश) में चुनाव के अगले पांच चरणों में भाजपा का ही परचम लहराएगा।’’

इसे भी पढ़ें: चन्नी के बयान पर घिरी कांग्रेस! अनुराग ठाकुर बोले- किस मुंह से प्रियंका गांधी यूपी में जनता से मांग रही हैं आशीर्वाद

मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘अगर कोई त्‍यौहार बिना कर्फ्यू के निकल जाता था तो लोग राहत की सांस लेते थे, अब योगी जी की सरकार यूपी (उत्तर प्रदेश) के लोगों को इन दंगाइयों, अपराधियों से मुक्ति दिलाने का काम कर रही है, इसलिए आज पूरा यूपी कह रहा है कि जो कानून का राज लाए हैं, हम उनको लाएंगे।’’ मोदी ने दावा किया कि यूपी का विकास वे लोग नहीं कर सकते जो दंगाइयों, गुंडों और माफ‍िया को बढ़ावा देते हैं।

इसे भी पढ़ें: कौन है ऋषि अग्रवाल? जिसने 23000 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी को दिया अंजाम

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के जागरुक लोग इस बात को भलीभांति जानते हैं इसलिए यूपी के लोग जी जान से कह रहे हैं कि आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ही लेकिन आपको एक बात का ध्‍यान रखना है कि ये दंगावादी आप लोगों को बांटने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं लेकिन आपको एकजुट रहना है, एकजुट होकर मतदान करना है, याद रखिए पहले मतदान, कमल निशान, फ‍िर दूसरा कोई काम।’’ मोदी ने कहा कि आपको चाहिए सुरक्षा, सुरक्षित जीवन होना चाहिए और जब कानून का राज नहीं होता तो सबसे ज्‍यादा पिसना गरीब को ही पड़ता है, असुरक्षा की जिंदगी जीनी पड़ती है। विपक्षी दलों, खासतौर से सपा-बसपा पर प्रहार करते हुए उन्‍होंने कहा कि माफ‍िया के राज में गरीब की सुनवाई नहीं होती, उत्तर प्रदेश में पहले जो घोर परिवारवादियों की सरकार रहीं उन्‍होंने यूपी का यही हाल बना रखा था।

मोदी ने कहा, ‘‘यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है कि पूजा के दिन हों, पर्व के दिन हों, पूजा पर्वों को मनाने की खुली स्‍वतंत्रता। यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है बहन-बेटियों की मनचलों से सुरक्षा, यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है गरीब के कल्‍याण के लिए निरंतर काम, यूपी में भाजपा सरकार का मतलब है केंद्र की योजनाओं पर ‘डबल स्पीड’ (दोगुनी गति) से काम।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज उत्तर प्रदेश में संत रविदास की जयंती है और उनके मंदिरों में अनेकों भक्त जुटे हैं। मुझे भी दिल्‍ली में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी विश्राम धाम मंदिर जाने का सौभाग्य मिला।’’ मोदी ने कहा, ‘‘मान्‍यता है कि जब एक बार गुरु रविदास जी राजस्‍थान जा रहे थे तो दिल्‍ली में उसी स्थान पर उन्होंने विश्राम किया था और मेरे लिए दोहरी खुशी ये भी है कि मैं उस काशी का सांसद हूं जहां संत रविदास जी का जन्म हुआ था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ये भी मेरा सौभाग्य है कि वाराणसी में उनके मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य करने के लिए ईश्वर ने मुझे माध्‍यम बनाया और इतने वर्षों से जो काम नहीं हुआ था, मुझे रविदास मंदिर परिसर को सजाने का मौका मिला।’’

उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय लंगर चखना और फोटो खिंचाना, यही होता था लेकिन भाजपा सरकार संत रविदास जन्‍मस्‍थली विकास परियोजना पर तेजी से काम कर रही है और श्रद्धालुओं के लिए अनेक सुविधाएं विकसित की गई हैं। मोदी ने कहा कि संत रविदास की जन्मस्थली पर भाजपा सरकार जो सुविधाएं दे रही हैं उससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा। उन्होंने राज्य की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘मुझे देखकर यह तकलीफ हो रही है कि यहां पहले जिन्‍होंने पांच साल तक सरकार चलाई, 2017 से पहले उन्‍हें संत रविदास जी के नाम से कितनी चिढ़ रही है, यह मुझसे ज्यादा उत्तर प्रदेश के लोग जानते हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘संत रविदास जी की प्रेरणा से हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर चल रही है। हमारी योजनाओं के केंद्र में गरीब, दलित शोषित, पिछड़े और वंचितों का कल्‍याण है।’’ कोरोना वायरस महामारी का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि पूरी दुनिया ऐसी महामारी की चपेट में है और इस काल में भाजपा सरकार ने गरीब का जीवन बचाने को सर्वोच्‍च प्राथमिकता दी है। मोदी ने कहा, ‘‘संत रविदास ने कहा था कि मैं ऐसा राज चाहता हूं जिसमें सभी को अन्‍न मिले और छोटे-बड़े सभी समरस होकर रहें, इसी सोच के साथ उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को करीब दो साल से मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इसमें सवा नौ करोड़ से अधिक साथी पिछड़े वर्ग के हैं और अनुसूचित जाति के तीन करोड़ भाइयों को भाजपा सरकार मुफ्त राशन दे रही है, तीन करोड़ साथी अगड़े समाज के हैं और अल्पसंख्यक समाज के लाखों भाइयों को इसका लाभ मिल रहा है।’’

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि गरीब का राशन पहले माफिया लूट लेता था लेकिन अब उसका एक-एक दाना गरीब के घर पहुंच रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इस पूरे कोरोना काल में मैं एक बात पर हमेशा केंद्रित रहा कि किसी गरीब के घर में ऐसा दिन नहीं आना चाहिए कि घर का चूल्हा न जले, गरीब के घर में किसी को रात को भूखा सोना न पड़े, इसके लिए हम जागते रहे हैं।’’ मोदी ने कहा कि सरकार इस पर दो लाख 60 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीब दलित, पिछड़ा या किसी भी वर्ग का हो वह जानता है कि किसने संकट के समय साथ दिया और कौन संकट के समय लापता हो गया था, यह गरीब अपने दिमाग में रखता है। उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना वायरस महामारी के समय हमारी सरकार ने मुफ्त टीकाकरण का ध्यान रखा और पहले की सरकारों में कभी इस तरह अभियान चलाकर गरीबों को मुफ्त टीके नहीं लगाये गए। आजादी के बाद यह पहली बार हुआ है। पहले की हालत यह थी कि पहले की सरकारों का टीकाकरण गांवों, आदिवासी इलाकों तक ठीक से पहुंच नहीं पाता था और वर्षों वर्ष गरीब को टीके की एक खुराक नहीं लग पाती थी।

प्रमुख खबरें

PM Modi 29 नवंबर को Usha Mangeshkar को देंगे पहला Bhupen Hazarika National Award

बेअसर रही पूर्व वायुसेना प्रमुख की चिट्ठी, मोदी सरकार ने वापस ले ली Race Course Air Force Station की 39.5 एकड़ जमीन

AMU छात्र संघ चुनाव: Nashra Naeem बनीं 105 साल में पहली महिला उपाध्यक्ष

राष्ट्रपति बनने के लिए जेडी वेंस ने पकड़ी ट्रंप से अलग राह? अमेरिका में होने वाला है खेल!